जमुई जिले के बरहट थाना क्षेत्र में शुक्रवार अहले सुबह अपराधियों ने शिक्षक सह मुखिया पुत्र को गोली मारकर गंभीर रूप से घायल कर दिया। घटना बिशनपुर गांव के पास करीब चार बजे हुई। घायल की पहचान लक्ष्मीपुर थाना क्षेत्र के मटिया गांव निवासी गौतम कुमार दास के रूप में हुई है। वह पूर्व मुखिया महेश रविदास के पुत्र हैं, जबकि उनकी मां मोहनी देवी वर्तमान मुखिया हैं।
जानकारी के अनुसार गौतम कुमार दास लखीसराय जिले के कजरा पंचायत स्थित एक सरकारी विद्यालय में शिक्षक हैं। शुक्रवार सुबह वह बाइक से जमुई रेलवे स्टेशन जा रहे थे, जहां से उन्हें ट्रेन पकड़कर स्कूल जाना था। इसी दौरान एक बाइक पर सवार तीन नकाबपोश बदमाशों ने बिशनपुर गांव के पास उन पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। गोली उनके दाहिने कंधे के नीचे लगी और आर-पार हो गई।

घायल शिक्षक ने बताया कि अपराधी मोहनपुर गांव से ही उनका पीछा कर रहे थे। गोली लगने के बाद बदमाश सिर में भी गोली मारना चाहते थे, लेकिन हेलमेट की वजह से उनकी जान बच गई। घटना के बाद अपराधी मलयपुर की ओर फरार हो गए। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।

मामले को लेकर जमुई एसडीपीओ सतीश सुमन ने कहा कि सुबह सूचना प्राप्त हुई थी कि बिशनपुर गांव के पास तीन अज्ञात अपराधियों के द्वारा एक बाइक पर सवार होकर एक शिक्षक को गोली मारी गई है, गोलीबारी की सूचना के बाद बरहट और लक्ष्मीपुर थाने की पुलिस जमुई सदर एसडीपीओ सहित पूरी टीम के द्वारा घटनास्थल का निरीक्षण किया गया। घटनास्थल पर फॉरेंसिक की टीम बलाई गई है। पुलिस द्वारा मामले की छानबीन की जा रही है । परिजन के द्वारा जिनके ऊपर भी यह आरोप लगाया जा रहा उसको लेकर भी अनुसंधान किया जा रहा है। मामले को लेकर सीसीटीवी फुटेज खंगाल जा रहे हैं।
कुमार नेहरू की रिपोर्ट



