जमुई, नक्सल प्रभावित चरकापत्थर क्षेत्र में सशस्त्र सीमा बल (SSB) 16वीं वाहिनी और स्थानीय पुलिस की संयुक्त टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए नक्सलियों द्वारा छिपाकर रखे गए हथियार एवं विस्फोटक सामग्री बरामद की है। इस कार्रवाई को नक्सल उन्मूलन अभियान में एक महत्वपूर्ण सफलता माना जा रहा है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, 16वीं वाहिनी के कमांडेंट अनिल कुमार पठानिया को मिली गुप्त सूचना के आधार पर निरीक्षक (सामान्य) एवं कंपनी कमांडर प्रदीप कुमार बर्मन के नेतृत्व में SSB की टीम क्षेत्र प्रभुत्व ड्यूटी और डी-माइनिंग अभियान पर निकली थी। इसी दौरान सुरायडीह और धमनी गांव के दक्षिण-पूर्व दिशा में लगभग आठ किलोमीटर दूर संदिग्ध सामग्री छिपाए जाने की सूचना मिली।

सूचना मिलते ही SSB और स्थानीय पुलिस की संयुक्त टीम मौके पर पहुंची। श्वान दस्ता ‘जूली’ और डीएसएमडी उपकरण की सहायता से सघन तलाशी अभियान चलाया गया। तलाशी के दौरान बड़े पत्थरों के बीच बनी एक सुरंग से हथियार और विस्फोटक सामग्री बरामद की गई।
बरामद सामान में एक मस्कट राइफल, एक देसी कट्टा, चार इलेक्ट्रिक डेटोनेटर और पांच जिलेटिन रॉड शामिल हैं। सभी सामग्री को जब्त कर आवश्यक कानूनी कार्रवाई के लिए चरकापत्थर थाना को सौंप दिया गया है।
SSB अधिकारियों ने बताया कि नक्सलवाद के खिलाफ ‘जीरो टॉलरेंस’ नीति के तहत लगातार अभियान चलाया जा रहा है। उल्लेखनीय है कि इससे पहले 16 अक्टूबर 2025 को भी इसी क्षेत्र में SSB ने डी-माइनिंग अभियान के दौरान भारी मात्रा में अवैध हथियार और विस्फोटक बरामद कर नक्सलियों की साजिश को विफल किया था।
SSB ने आम लोगों से अपील की है कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस या SSB कैंप को दें। सूचना देने वाले की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी।




Leave a Reply
You must be logged in to post a comment.