उद्यमियों की सुरक्षा के लिए आर्म्स लाइसेंस प्रक्रिया होगी आसान: उद्योग मंत्री श्रेयसी सिंह
जमुई। बिहार की उद्योग मंत्री Shrayasi Singh ने कहा है कि राज्य में व्यापारियों और उद्यमियों की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए आर्म्स लाइसेंस प्राप्त करने की प्रक्रिया को सरल बनाया जाएगा। उन्होंने कहा कि व्यापारी और उद्योगपति अपनी आवश्यकता के अनुसार जिला पदाधिकारी को आवेदन दे सकते हैं। इस पहल की शुरुआत जमुई से की गई है और राज्य के सभी जिलाधिकारियों को प्रत्येक माह उद्योग वार्ता आयोजित करने का निर्देश दिया गया है।

जिला उद्योग केंद्र के सभागार में चैंबर ऑफ कॉमर्स के प्रतिनिधियों एवं स्थानीय उद्यमियों के साथ आयोजित बैठक में मंत्री ने यह घोषणा की। बैठक में डीएम नवीन , एसपी विश्वजीत दयाल, उद्योग विभाग के अधिकारी तथा अन्य संबंधित पदाधिकारी उपस्थित रहे।
बैठक में जिले में औद्योगिक विकास, निवेश को प्रोत्साहन, रोजगार सृजन और उद्यमियों की समस्याओं के समाधान पर विस्तार से चर्चा की गई। उद्यमियों ने औद्योगिक सुविधाओं के विस्तार, आधारभूत संरचना के विकास और प्रशासनिक सहयोग से जुड़े विभिन्न मुद्दों को मंत्री और अधिकारियों के समक्ष रखा।
मंत्री श्रेयसी सिंह ने कहा कि राज्य सरकार उद्योग जगत के साथ लगातार संवाद स्थापित कर रही है। उन्होंने कहा कि वर्तमान उद्योगपतियों तथा सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यमों (एमएसएमई) की समस्याओं का समाधान किए बिना नए निवेशकों को आकर्षित करना आसान नहीं होगा। इसी उद्देश्य से उद्योग संवाद कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं, ताकि उद्यमियों की समस्याओं को सीधे सुना जा सके और उनका त्वरित समाधान सुनिश्चित किया जा सके।
उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री स्वयं निवेशकों और उद्यमियों से संवाद कर बिहार में निवेश के लिए आमंत्रित कर रहे हैं। साथ ही राज्य में उपलब्ध औद्योगिक सुविधाओं, प्रोत्साहन योजनाओं और आधारभूत संरचनाओं की जानकारी भी दी जा रही है। मंत्री ने कहा कि सरकार की कई लाभकारी योजनाओं की जानकारी अभी भी अनेक उद्योगपतियों तक नहीं पहुंच पाई है, इसलिए जागरूकता अभियान चलाने की आवश्यकता है।
मंत्री ने बताया कि बिहार सरकार ने 20 नवंबर 2026 तक 5 लाख करोड़ रुपये निवेश आकर्षित करने का लक्ष्य निर्धारित किया है। इस दिशा में तेजी से कार्य किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि जमुई जिले में भी विभिन्न कंपनियों द्वारा लगभग 1000 करोड़ रुपये के निवेश प्रस्ताव प्राप्त हुए हैं, जिससे स्थानीय स्तर पर रोजगार के नए अवसर सृजित होंगे।
कुमार नेहरू की रिपोर्ट




Leave a Reply
You must be logged in to post a comment.