जमुई: जिले के चंद्रदीप थाना क्षेत्र के मोहनपुर गांव स्थित बहियार से मंगलवार को एक 25 वर्षीय युवक का शव बरामद होने से इलाके में सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान नवादा जिले के रोह थाना क्षेत्र के कुमरौरा गांव निवासी विरजू मिस्त्री के पुत्र अंकित कुमार के रूप में हुई है। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जमुई सदर अस्पताल भेज दिया।
जानकारी के अनुसार, घटनास्थल से कुछ दूरी पर ही अंकित का ननिहाल मोहनपुर गांव में है। बताया जाता है कि करीब एक सप्ताह पहले उसके मामा उमाशंकर मिस्त्री की छत से गिरने से मौत हो गई थी, जिसके बाद परिवार के लोग ननिहाल आए हुए थे।

मृतक की मां सुनीता देवी ने आरोप लगाया कि अंकित ने करीब 10 दिन पहले गांव की ही चांदनी कुमारी से प्रेम विवाह किया था। विवाह के बाद से उसे लगातार जान से मारने की धमकियां मिल रही थीं। उनका आरोप है कि प्रेम विवाह से नाराज लोगों ने ही उनके बेटे की हत्या कर शव को बहियार में फेंक दिया।
सुनीता देवी ने बताया कि मंगलवार सुबह वह अपने मायके मोहनपुर से कुमरौरा स्थित घर गई थीं। इसी दौरान उन्हें बेटे की मौत की सूचना मिली। सूचना मिलते ही वह वापस मोहनपुर पहुंचीं और हत्या का आरोप लगाया।
इधर, चंद्रदीप थाना अध्यक्ष दीनानाथ सिंह ने बताया कि शव की पहचान कर ली गई है। प्रथम दृष्टया मामला प्रेम प्रसंग से जुड़ा प्रतीत होता है, लेकिन पुलिस सभी पहलुओं से जांच कर रही है। घटनास्थल पर एफएसएल (फॉरेंसिक साइंस लेबोरेटरी) की टीम ने भी पहुंचकर वैज्ञानिक साक्ष्य जुटाए हैं।
पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट, फॉरेंसिक जांच और अन्य तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल मामले की गहन जांच जारी है।




Leave a Reply
You must be logged in to post a comment.