जमुई । जिले के लछुआड़ थाना क्षेत्र के घुरमुडिया गांव में हथियार से दोस्तों के साथ खेलना एक नाबालिग को भारी पड़ गया। सोमवार दोपहर देवता घाट के पास चली गोली में 15 वर्षीय आयुष कुमार गंभीर रूप से घायल हो गया। गोली उसके पेट में फंस गई, जिसके बाद उसे सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया। प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने बेहतर इलाज के लिए उसे पटना रेफर कर दिया।
वहीं घायल आयुष कुमार, पिता गौतम मंडल, निवासी घुरमुडिया, ने आरोप लगाया है कि गांव के ही चंपू और सचिन ने उसे फोन कर देवता घाट के पास बुलाया। वहां कुछ देर बातचीत के बाद अचानक पिस्तौल निकालकर गोली चला दी, जो उसके पेट में जा लगी।

घटना सोमवार दोपहर करीब 12 बजे की बताई जा रही है। घायल डर की वजह से काफी देर तक किसी को घटना की जानकारी नहीं दे सका। बाद में परिजनों को सूचना मिलने पर उसे इलाज के लिए सदर अस्पताल पहुंचाया गया। चिकित्सकों के अनुसार गोली पेट में फंसी होने के कारण उसकी स्थिति गंभीर बनी हुई है।
घटना के बाद दोनों आरोपित फरार हैं। पुलिस उनकी तलाश में छापेमारी कर रही है। बताया यह भी जा रहा है कि घटना हथियार से खेलते समय हुई हो सकती है, हालांकि पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है।
लछुआड़ थानाध्यक्ष रूपेश कुमार ने बताया, घटना की सूचना मिली है। आपसी विवाद और गोली चलने की बात सामने आई है। घटना में शामिल आरोपित फरार हैं। पूरे मामले की जांच की जा रही है और उनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है।




Leave a Reply
You must be logged in to post a comment.