जमुई , खैरा थाना क्षेत्र के हरदीमोह गांव में सांप के डंसने से 15 वर्षीय किशोर की मौत हो गई। घटना के बाद परिजनों में कोहराम मच गया, वहीं गांव में मातम पसरा है। मृतक की पहचान हरदीमोह गांव निवासी परमेश्वर पंडित के 15 वर्षीय पुत्र निवेश कुमार के रूप में हुई है।
बताया जाता है कि निवेश कुमार अपनी मां के साथ घर में सोया हुआ था। रात करीब 12 बजे सोने के दौरान सांप ने उसे डंस लिया। सांप के डंसने की जानकारी मिलते ही परिजन आनन-फानन में उसे इलाज के लिए सदर अस्पताल जमुई लेकर पहुंचे। वहां चिकित्सकों ने उपचार शुरू किया, लेकिन इलाज के दौरान उसकी हालत लगातार बिगड़ती चली गई।

किशोर की गंभीर स्थिति को देखते हुए चिकित्सकों ने बेहतर इलाज के लिए उसे रेफर करने की सलाह दी। इसके बाद परिजन निवेश को लेकर शेखपुरा के लिए रवाना हुए, लेकिन शेखपुरा पहुंचने से पहले ही रास्ते में उसकी मौत हो गई।
निवेश चार भाइयों और एक बहन में सबसे छोटा था। वह आनंदी पंडित का पोता था। किशोर की मौत की खबर मिलते ही परिवार में चीख-पुकार मच गई। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

घटना की सूचना स्थानीय प्रशासन को दी गई। प्रशासनिक स्तर से आवश्यक प्रक्रिया पूरी करने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल जमुई भेज दिया गया। किशोर की मौत से हरदीमोह गांव में भी शोक का माहौल है।
खैरा से प्रहलाद सिंह की रिपोर्ट




Leave a Reply
You must be logged in to post a comment.