गरही थाना पुलिस की कार्रवाई, झारखंड से मुजफ्फरपुर ले जाई जा रही थी शराब; चालक गिरफ्तार
जमुई , शराब तस्करों ने पुलिस को चकमा देने के लिए तस्करी का अनोखा तरीका अपनाया, लेकिन उनका जुगाड़ काम नहीं आया। गिट्टी लदे हाइवा के अंदर गिट्टी के नीचे छिपाकर ले जाई जा रही करीब 3020.25 लीटर अंग्रेजी शराब को गरही थाना पुलिस ने बरामद कर लिया। पुलिस ने मौके से हाइवा चालक को गिरफ्तार करने के साथ वाहन और एक मोबाइल फोन भी जब्त किया है। बरामद शराब की कीमत करीब 50 लाख रुपये बताई जा रही है।
मद्यनिषेध एवं राज्य स्वापक नियंत्रण ब्यूरो, पटना से मिली गुप्त सूचना के आधार पर गरही थाना पुलिस ने यह कार्रवाई की। सूचना मिली थी कि गिट्टी लदे हाइवा में शराब छिपाकर झारखंड से जमुई के रास्ते मुजफ्फरपुर ले जाई जा रही है। इसके बाद वरीय अधिकारियों को जानकारी देते हुए गरही चौक पर वाहन जांच अभियान शुरू किया गया।

गिट्टी हटाते ही सामने आई शराब की खेप
गुरुवार देर शाम गिट्टी लदा एक हाइवा गरही चौक पहुंचा। पुलिस ने सशस्त्र बल के सहयोग से वाहन को रोककर तलाशी ली। पहली नजर में हाइवा में सिर्फ गिट्टी दिखाई दे रही थी, लेकिन पुलिस को संदेह होने पर गिट्टी हटाकर जांच की गई। इसके नीचे शराब की बड़ी खेप छिपाकर रखी गई थी। तलाशी के दौरान 180 एमएल और 375 एमएल की बोतलों में कुल करीब 3020.25 लीटर अंग्रेजी शराब बरामद हुई।

चालक गिरफ्तार, मोबाइल भी जब्त
पुलिस के अनुसार जब्त हाइवा पर RKD Construction Pvt. Ltd. TATA लिखा हुआ है। वाहन का रजिस्ट्रेशन नंबर BR33M0931 है। गिरफ्तार चालक की पहचान जीतू कुमार (19 वर्ष), पिता अशोक तुरी, निवासी पथरा बांग्ला, हरिजन कॉलोनी, थाना बोडरागढ़, जिला धनबाद, झारखंड के रूप में हुई है। उसके पास से एक मोबाइल फोन भी बरामद किया गया है।
इस मामले में गरही थाना कांड संख्या 113/26, दिनांक 13 अगस्त 2026 के तहत बिहार मद्यनिषेध एवं उत्पाद संशोधन अधिनियम 2022 की धारा 30(a)/32 के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है। पुलिस अब शराब की खेप के स्रोत और इसके पीछे सक्रिय तस्करी नेटवर्क की जानकारी जुटाने में लगी है। कार्रवाई में गरही थाना के थानाध्यक्ष विपिन चन्द्र पाल्टा चौधरी, पुलिस अवर निरीक्षक रघुनंदन राघव सहित थाना के सशस्त्र बल शामिल रहे।
कुमार नेहरू की रिपोर्ट




Leave a Reply
You must be logged in to post a comment.