वायरल वीडियो के आधार पर पुलिस ने शुरू की जांच, घटना जमुई की है या नहीं इसकी भी हो रही पड़ताल
जमुई। सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे दो वीडियो को लेकर जमुई पुलिस ने मामले का संज्ञान लिया है। वायरल वीडियो में स्कूटी से जा रहे एक नाबालिग लड़के और लड़की को सड़क पर कुछ युवक रोकते हुए दिखाई दे रहे हैं। वीडियो में दोनों के साथ कथित तौर पर अभद्र व्यवहार किए जाने का दृश्य नजर आ रहा है। सोशल मीडिया पर दावा किया जा रहा है कि यह घटना जमुई जिले की है।
जानकारी के अनुसार, घटना शनिवार शाम की बताई जा रही है। बताया जा रहा है कि दोनों नाबालिग 10वीं कक्षा के छात्र-छात्रा हैं और जमुई शहर के रहने वाले हैं। दोनों शनिवार को कोचिंग करने के बाद स्कूटी से मड़वा पहाड़ घूमने गए थे। लौटने के दौरान रास्ते में कुछ युवकों ने उन्हें रोक लिया। इसके बाद उनके साथ कथित तौर पर दुर्व्यवहार किया गया। इसी दौरान किसी व्यक्ति ने घटना का वीडियो बना लिया।

घटना से संबंधित दो वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने की बात सामने आई है। इनमें एक वीडियो करीब एक मिनट दो सेकंड और दूसरा करीब 35 सेकंड का बताया जा रहा है। वीडियो को एक्स पर पिंकी प्रज्ञा नाम के सत्यापित यूजर द्वारा पोस्ट किए जाने की बात कही जा रही है। पोस्ट में बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी को टैग करते हुए मामले में कार्रवाई की मांग की गई है।
वीडियो वायरल होने के बाद जमुई पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए छानबीन शुरू कर दी है। पुलिस वायरल वीडियो की सत्यता और उसके स्थान की पुष्टि करने के साथ-साथ घटना में शामिल बताए जा रहे युवकों की पहचान करने में जुटी है।
पुलिस की जांच में यह भी पता लगाया जा रहा है कि वीडियो वास्तव में जमुई जिले का है या किसी अन्य स्थान का। साथ ही नाबालिग छात्र-छात्रा और उनके परिजनों से संबंधित तथ्यों की भी जानकारी जुटाई जा रही है।

इस मामले में जमुई जिलाधिकारी ने पुष्टि करते हुए मामले के बारे मे जानकारी दिया है। उन्होंने बताया है कि, “यह घटना जमुई जिले के जमुई सदर थाना क्षेत्र में 19 सितंबर के शाम की है। इस घटना के संबंध मे पुलिस को कोई शिकायत नहीं मिली थी पर सोशल मीडिया पर उपलब्ध सामग्री के आधार पर पुलिस ने अनुसंधान करते हुए पीड़ितों की पहचान की और पुलिस द्वारा प्राथमिकी दर्ज की गयी है. दोषियों को चिन्हित कर लिया गया है और उनके विरुध्द कार्रवाई की जा रही है।” नवीन, डीएम जमुई
कुमार नेहरू की रिपोर्ट
देखिए घटना से संबंधित वीडियो…




Leave a Reply
You must be logged in to post a comment.