दो साल पहले बना नाला जगह-जगह क्षतिग्रस्त, सड़क पर जलजमाव से रोज हो रहे हादसे; ग्रामीणों ने मरम्मत की मांग की
जमुई। खैरा प्रखंड अंतर्गत बानपुर पंचायत के वार्ड नंबर-6 में मुख्य सड़क किनारे बना नाला जगह-जगह टूट जाने से सड़क पर जलजमाव की समस्या गंभीर हो गई है। नाले का पानी सड़क पर फैलने के कारण स्थानीय लोगों को घर से निकलने में परेशानी हो रही है। वहीं, इस मार्ग से रोजाना सैकड़ों वाहनों के गुजरने के कारण राहगीरों को भी दुर्घटना का खतरा बना हुआ है।
ग्रामीणों के अनुसार, करीब दो वर्ष पूर्व ग्राम पंचायत बानपुर की योजना के तहत इस नाले का निर्माण कराया गया था। लेकिन निर्माण के महज दो साल के भीतर ही नाला कई जगहों से क्षतिग्रस्त हो गया। नाले का पानी सड़क पर बहने से मुख्य सड़क पर जलजमाव बना रहता है।

स्थानीय ग्रामीण राहुल कुमार ने बताया कि नाला बने अभी दो साल भी पूरे नहीं हुए हैं और यह कई जगहों से टूट चुका है। उन्होंने कहा कि इस समस्या को लेकर बानपुर पंचायत के मुखिया डॉ. इबरार आलम से कई बार शिकायत की गई और मरम्मत कराने का आश्वासन भी मिला, लेकिन अब तक मरम्मत नहीं कराई गई है। ग्रामीण का आरोप है कि मुखिया का इस सड़क से अक्सर आना-जाना होता है, इसके बावजूद समस्या का समाधान नहीं हुआ।
वहीं, ग्रामीण मनोज कुमार ने कहा कि त्योहारों का मौसम शुरू होने वाला है। ऐसे में घरों के सामने जलजमाव के कारण लोगों को काफी परेशानी होगी। उन्होंने कहा कि दुर्गा पूजा, दीपावली और खासकर छठ पर्व के दौरान लोगों का घर से निकलना मुश्किल हो जाएगा। ग्रामीणों ने जिला प्रशासन से जल्द से जल्द नाले की मरम्मत कराने की मांग की है।
ग्रामीण सुभाष कुमार ने नाला निर्माण में अनियमितता बरते जाने का आरोप लगाया। उनका कहना है कि निर्माण के दौरान गुणवत्ता का ध्यान नहीं रखा गया, जिसके कारण नाला इतनी जल्दी क्षतिग्रस्त हो गया। उन्होंने बताया कि कई बार पंचायत स्तर पर मरम्मत की मांग की गई, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई।

मुखिया ने फोन नहीं उठाया, पंचायत सचिव ने दी यह जानकारी
मामले को लेकर जब बानपुर पंचायत के मुखिया डॉ. इबरार आलम से संपर्क करने का प्रयास किया गया तो उन्होंने फोन रिसीव नहीं किया। वहीं, पंचायत सचिव से नाले के निर्माण से संबंधित जानकारी मांगी गई तो उन्होंने बताया कि संबंधित फाइल ऑडिट में गई हुई है। इस कारण वह फिलहाल नाले के निर्माण से जुड़ी जानकारी उपलब्ध कराने में असमर्थ हैं।
दो साल में टूट गया नाला, उठ रहे सवाल
नाले के निर्माण के करीब दो वर्ष के भीतर ही उसके क्षतिग्रस्त होने से निर्माण की गुणवत्ता को लेकर सवाल उठ रहे हैं। हालांकि, निर्माण में अनियमितता या भ्रष्टाचार की पुष्टि संबंधित विभागीय जांच के बाद ही हो सकेगी। फिलहाल सड़क पर जलजमाव के कारण स्थानीय लोगों और राहगीरों की परेशानी बढ़ गई है। ग्रामीणों ने प्रशासन से तत्काल नाले की मरम्मत कराने और जलजमाव की समस्या दूर करने की मांग की है।




Leave a Reply
You must be logged in to post a comment.