22 वर्षीय भानु सिंह की मौत से इलाके में सनसनी, घटनास्थल से खोखा बरामद; एफएसएल टीम ने की जांच, आत्महत्या के कारणों का पता लगा रही पुलिस
जमुई। शहर के महिसौड़ी इलाके में रविवार दोपहर एक युवक ने कथित तौर पर खुद को गोली मार ली। गंभीर रूप से घायल युवक को सदर अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद पटना रेफर किया गया, लेकिन रास्ते में नालंदा जिले के रहुई के पास उसकी मौत हो गई। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई।
मृतक की पहचान मुन्ना सिंह के 22 वर्षीय पुत्र भानु सिंह के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार, रविवार दोपहर करीब तीन बजे युवक ने अपने सिर में गोली मार ली। घटना के बाद परिजन और स्थानीय लोग उसे तत्काल सदर अस्पताल लेकर पहुंचे। वहां चिकित्सक डॉ. मनीष कुमार ने प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए पटना रेफर कर दिया।

घटनास्थल से खोखा बरामद, एफएसएल टीम ने की जांच
घटना की सूचना मिलने पर साइबर डीएसपी सह प्रभारी एसडीपीओ अभिषेक कुमार पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और मामले की जांच की। थानाध्यक्ष अमरेंद्र कुमार ने भी सदर अस्पताल पहुंचकर चिकित्सक से आवश्यक जानकारी ली। पुलिस ने घटनास्थल से एक खोखा बरामद किया है। साक्ष्य जुटाने के लिए एफएसएल टीम को बुलाकर जांच कराई गई।
आत्महत्या के कारणों की जांच में जुटी पुलिस
प्रारंभिक जानकारी में प्रेम प्रसंग को घटना की संभावित वजह बताया जा रहा है, हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। परिजनों के अनुसार, युवक का किसी से झगड़ा नहीं हुआ था और घर में भी किसी तरह के विवाद की जानकारी नहीं है। युवक ने किस हथियार से गोली चलाई और घटना के पीछे वास्तविक कारण क्या था, यह फिलहाल स्पष्ट नहीं है।

क्या कहते हैं पुलिस अधिकारी?
साइबर डीएसपी सह प्रभारी एसडीपीओ अभिषेक कुमार ने बताया कि युवक द्वारा खुद को गोली मारने की सूचना मिली थी। पटना ले जाने के दौरान उसकी मौत हो गई। प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है। घटनास्थल की जांच कराई गई है और एफएसएल टीम ने भी साक्ष्य जुटाए हैं। पुलिस घटना के सभी पहलुओं की बारीकी से जांच कर रही है। जांच पूरी होने से पहले घटना के कारणों के संबंध में कुछ भी निश्चित रूप से कहना उचित नहीं होगा।
Jamui Today News Desk




Leave a Reply
You must be logged in to post a comment.