10 हजार रुपये मांगने और राशि नहीं मिलने पर वीडियो प्रसारित करने का आरोप, पुलिस ने प्रेस कार्ड, माइक और मोबाइल किया जब्त
जमुई/झाझा: बिहार सरकार के परिवहन मंत्री दामोदर रावत के खिलाफ अपमानजनक टिप्पणी करते हुए वीडियो सोशल मीडिया पर प्रसारित करने के मामले में झाझा पुलिस ने एक कथित यूट्यूबर को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपित की पहचान नीतीश यादव उर्फ एनपी यादव के रूप में हुई है।
इस मामले में जदयू युवा जिलाध्यक्ष बलवंत सिंह ने पुलिस से लिखित शिकायत की थी। शिकायत में आरोप लगाया गया है कि उक्त व्यक्ति ने वीडियो प्रसारित करने से पहले 10 हजार रुपये की मांग की थी। राशि नहीं मिलने पर उसने परिवहन मंत्री के खिलाफ कथित तौर पर अपमानजनक शब्दों का इस्तेमाल करते हुए वीडियो बनाया और उसे विभिन्न सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर वायरल कर दिया। शिकायतकर्ता ने इसे मंत्री की प्रतिष्ठा को नुकसान पहुंचाने और मानहानि का मामला बताया है।

शिकायत के आधार पर पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए कार्रवाई की और आरोपित को गिरफ्तार कर लिया। झाझा डीएसपी राजेश कुमार ने बताया कि गिरफ्तार व्यक्ति के पास से प्रेस लिखा हुआ एक पहचान पत्र, एक माइक, एक कॉलर माइक और एक मोबाइल फोन बरामद किया गया है। पुलिस ने सभी सामानों को जब्त कर लिया है। पुलिस के अनुसार, आरोपित सोशल मीडिया पर खुद को पत्रकार बताकर प्रेस पहचान पत्र का इस्तेमाल करता था।
बताया जा रहा है कि वह पेशे से ऑटो चालक है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। वीडियो प्रसारित करने और रुपये मांगने से जुड़े आरोपों की भी जांच की जा रही है।




Leave a Reply
You must be logged in to post a comment.