आज संभाला पदभार, बधाई देने वालों का लगा तांता
जमुई , श्यामा प्रसाद सिंह महिला महाविद्यालय, जमुई में नए प्राचार्य के रूप में प्रोफेसर प्रदीप कुमार सिंह ने सोमवार को विधिवत पदभार ग्रहण कर लिया। पूर्व प्राचार्य डॉ. सुचिता उपाध्याय के सेवानिवृत्त होने के बाद यह जिम्मेदारी उन्हें सौंपी गई है।
महाविद्यालय की शासी निकाय द्वारा आयोजित बैठक में सर्वसम्मति से यह निर्णय लिया गया कि गांधी विचार विभाग के विभागाध्यक्ष प्रो. प्रदीप कुमार सिंह को प्राचार्य बनाया जाए। इस निर्णय पर शासी निकाय के सचिव प्रो. जय कुमार सिंह, अध्यक्ष प्रो. डॉ. अलाउद्दीन तथा जमुई के अनुमंडल पदाधिकारी सौरभ कुमार की उपस्थिति में मुहर लगाई गई।
प्रो. सिंह वर्ष 1990 से इस महाविद्यालय में अपनी सेवाएं दे रहे हैं और वरीयता के आधार पर उन्हें यह पद सौंपा गया है।
पदभार ग्रहण करने के बाद महाविद्यालय परिसर में उन्हें बधाई देने वालों का तांता लग गया। शिक्षकों एवं शिक्षकेत्तर कर्मियों ने नए प्राचार्य का स्वागत करते हुए शुभकामनाएं दीं।
इस अवसर पर प्रो. प्रदीप कुमार सिंह ने कहा कि उनका मुख्य उद्देश्य महाविद्यालय में शिक्षा की गुणवत्ता में सुधार लाना और विकास कार्यों को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाना है। उन्होंने बताया कि जमुई जैसे पिछड़े क्षेत्र में महिला शिक्षा को बढ़ावा देने के उद्देश्य से वर्ष 1979 में इस महाविद्यालय की स्थापना की गई थी, लेकिन विभिन्न कारणों से इसका सरकारीकरण नहीं हो सका।

उन्होंने भरोसा दिलाया कि आने वाले समय में महाविद्यालय महिला शिक्षा के क्षेत्र में एक नया आयाम स्थापित करेगा और छात्राओं के सर्वांगीण विकास के लिए निरंतर प्रयास किए जाएंगे।



