पटना , बिहार की खेल प्रतिभाओं को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय मंच देने की दिशा में एक अहम पहल करते हुए खेल मंत्री श्रेयसी सिंह ने सोमवार को होटल मौर्या, पटना में आयोजित कार्यक्रम में ISPL सह-बद्ध Bihar T10 लीग का शुभारंभ किया। इस मौके पर सांसद एवं प्रसिद्ध कलाकार मनोज तिवारी भी विशेष रूप से उपस्थित रहे।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए खेल मंत्री श्रेयसी सिंह ने कहा कि बिहार के खिलाड़ियों में अपार प्रतिभा है और वे आज दुनिया भर में अपनी पहचान बना रहे हैं। जरूरत सिर्फ उन्हें बेहतर मंच, संसाधन और अवसर उपलब्ध कराने की है।
उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 2036 ओलंपिक मेजबानी के संकल्प का जिक्र करते हुए कहा कि अगर उन्हें जनता की सेवा का अवसर मिलता रहा, तो वे प्रयास करेंगी कि 2036 ओलंपिक के कुछ अहम आयोजन बिहार में भी हों। साथ ही उन्होंने विश्वास जताया कि उस ओलंपिक में बड़ी संख्या में खिलाड़ी बिहार से होंगे।

श्रेयसी सिंह ने कहा कि अब खेल सिर्फ मनोरंजन का माध्यम नहीं, बल्कि करियर, सम्मान और राष्ट्र निर्माण का मजबूत जरिया बन चुका है। उन्होंने पुरानी सोच “पढ़ोगे लिखोगे बनोगे नवाब, खेलोगे कूदोगे बनोगे खराब” को बदलते समय के साथ अप्रासंगिक बताया।
खेल मंत्री ने बताया कि राजगीर स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स की तर्ज पर बिहार में आधुनिक खेल अवसंरचना विकसित की जाएगी। साथ ही खिलाड़ियों को लंबे समय तक विश्वस्तरीय सुविधाएं मिलती रहें, इसके लिए सरकार मेंटेनेंस पॉलिसी भी तैयार कर रही है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार द्वारा खिलाड़ियों को दिए गए सम्मान और प्रोत्साहन की परंपरा को मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के नेतृत्व में आगे बढ़ाया जाएगा।
इस अवसर पर खेल जगत से जुड़े कई गणमान्य व्यक्ति, खिलाड़ी और खेल प्रेमी मौजूद रहे।




Leave a Reply
You must be logged in to post a comment.