नई दिल्ली, बिहार सरकार की खेल मंत्री श्रेयसी सिंह मंगलवार को नई दिल्ली में आयोजित प्रतिष्ठित कुमार सुरेंद्र सिंह मेमोरियल शूटिंग प्रतियोगिता में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुईं। यह प्रतियोगिता उनके स्वर्गीय दादा पूर्व राष्ट्रीय राइफल संघ के अध्यक्ष कुमार सुरेंद्र सिंह की स्मृति में आयोजित की जाती है।
इस अवसर पर खेल मंत्री श्रेयसी सिंह ने कहा कि यह प्रतियोगिता भारतीय शूटिंग जगत में विशेष महत्व रखती है, क्योंकि यहां खिलाड़ियों के प्रदर्शन के आधार पर राष्ट्रीय टीम चयन की प्रक्रिया आगे बढ़ती है। देशभर के प्रतिभाशाली निशानेबाज इस मंच पर अपनी क्षमता का प्रदर्शन कर राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर तक पहुंचने का अवसर प्राप्त करते हैं।
उन्होंने कहा कि स्वर्गीय कुमार सुरेंद्र सिंह ने भारतीय निशानेबाजी को नई दिशा देने में अहम भूमिका निभाई थी। खेलों के विकास, खिलाड़ियों के प्रोत्साहन और संस्थागत मजबूती के लिए उनका योगदान हमेशा प्रेरणास्रोत बना रहेगा।

खेल मंत्री ने प्रतियोगिता में भाग लेने वाले सभी खिलाड़ियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि बिहार सरकार राज्य की खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने और उन्हें बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए लगातार कार्य कर रही है।
कार्यक्रम में खेल एवं निशानेबाजी जगत से जुड़े कई गणमान्य व्यक्ति, अधिकारी और खिलाड़ी मौजूद रहे।



