जमुई। जिले के सोनो थाना क्षेत्र स्थित डुमरी-सोनो चेक पोस्ट के पास खनन विभाग ने बुधवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए बिना वैध चालान के गिट्टी लदे एक 14 चक्का ट्रक को जब्त कर लिया। कार्रवाई के बाद अवैध खनिज परिवहन करने वाले वाहन चालकों में हड़कंप मच गया।
जानकारी के अनुसार, खनन विभाग को लगातार शिकायतें मिल रही थीं कि क्षेत्र में कई वाहन बिना वैध चालान के गिट्टी एवं अन्य खनिज सामग्री का परिवहन कर रहे हैं। शिकायतों के सत्यापन के लिए खनन विभाग की टीम ने डुमरी-सोनो चेक पोस्ट पर विशेष वाहन जांच अभियान चलाया।
जांच के दौरान एक 14 चक्का ट्रक को रोककर उसके चालक से गिट्टी परिवहन से संबंधित चालान एवं अन्य आवश्यक दस्तावेज मांगे गए। चालक कोई वैध चालान प्रस्तुत नहीं कर सका। इसके बाद खनन इंस्पेक्टर सचिन कुमार ने ट्रक को जब्त कर आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए सोनो थाना के सुपुर्द कर दिया।
खनन विभाग ने बताया कि मामले की जांच जारी है। विभाग ने स्पष्ट किया है कि अवैध खनिज परिवहन के खिलाफ आगे भी सघन जांच अभियान चलाया जाएगा और नियमों का उल्लंघन करने वालों पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
सोनो से योगेंद्र प्रसाद उर्फ कुंदन की रिपोर्ट




Leave a Reply
You must be logged in to post a comment.