दो दिनों से हिरम्बा गांव में घूम रहा आक्रामक घोड़ा, कई लोगों पर किया हमला
जमुई। जिले के लक्ष्मीपुर थाना क्षेत्र के हिरम्बा गांव में एक बेकाबू घोड़े ने पिछले दो दिनों से आतंक मचा रखा है। घोड़े के हमले में सेवानिवृत्त इंस्पेक्टर समेत आधा दर्जन ग्रामीण घायल हो गए हैं। लगातार हो रहे हमलों से पूरे गांव में दहशत का माहौल है। लोग घरों से बाहर निकलने से भी डर रहे हैं।
जानकारी के अनुसार, घायल होने वालों में सेवानिवृत्त इंस्पेक्टर विजय कुमार मिश्रा, रघुनंदन मिश्रा, भगवती देवी, अभिलाषा चंद्र सहित अन्य ग्रामीण शामिल हैं। गुरुवार को गंभीर रूप से घायल चार लोगों को इलाज के लिए सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया। प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने सभी को बेहतर इलाज के लिए रेफर कर दिया।

ग्रामीणों का कहना है कि यह घोड़ा पिछले दो दिनों से गांव में घूम रहा है। अब तक यह पता नहीं चल सका है कि घोड़ा किसका है और किस इलाके से भटककर यहां पहुंचा। लोगों के मुताबिक घोड़ा बेहद आक्रामक हो चुका है और सामने आने वाले किसी भी व्यक्ति पर हमला कर देता है।
बताया जाता है कि गुरुवार सुबह सेवानिवृत्त इंस्पेक्टर विजय कुमार मिश्रा मॉर्निंग वॉक पर निकले थे। इसी दौरान घोड़े ने उन पर अचानक हमला कर दिया। काफी देर तक चले संघर्ष के बाद स्थानीय लोगों ने उन्हें किसी तरह बचाया। हमले में उनके शरीर के कई हिस्सों पर गंभीर चोटें आईं। वहीं भगवती देवी के कान पर भी घोड़े ने हमला कर उन्हें गंभीर रूप से घायल कर दिया। इसके अलावा अन्य कई ग्रामीण भी घोड़े के हमले का शिकार हुए हैं।

घटना की सूचना मिलने के बाद स्थानीय पुलिस और वन विभाग को जानकारी दी गई। ग्रामीणों का आरोप है कि वन विभाग ने यह कहते हुए कार्रवाई से इनकार कर दिया कि घोड़ा वन्यजीव नहीं, बल्कि पालतू पशु है। हालांकि ग्रामीणों का कहना है कि घोड़े का व्यवहार असामान्य हो गया है और वह लोगों की जान के लिए खतरा बन चुका है।
इधर, ग्रामीणों ने प्रशासन से बेकाबू घोड़े को तत्काल पकड़ने और गांव में सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग की है। घोड़े के लगातार हमलों के कारण गांव में भय का माहौल बना हुआ है और लोग किसी भी अनहोनी की आशंका से सहमे हुए हैं।
लक्ष्मीपुर थाना अध्यक्ष आलोक कुमार ने बताया कि मामले की जानकारी मिलते ही पुलिस टीम सक्रिय हो गई है। घोड़े की तलाश की जा रही है और उसे सुरक्षित पकड़ने का प्रयास जारी है, ताकि आगे किसी प्रकार की अप्रिय घटना न हो।
जमुई टुडे न्यूज डेस्क




Leave a Reply
You must be logged in to post a comment.