जमुई। जिले के लक्ष्मीपुर थाना क्षेत्र के बेला गांव स्थित टिलुआ आहार के पास शनिवार सुबह एक युवक का शव नीम के पेड़ से फंदे के सहारे लटका मिला। घटना की जानकारी मिलते ही इलाके में सनसनी फैल गई। सूचना पर पहुंची लक्ष्मीपुर थाना पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी।
पुलिस के अनुसार मृतक की जेब से झारखंड के विद्यासागर से जमुई तक का रेल टिकट और एक एंड्रॉयड मोबाइल फोन बरामद हुआ। मोबाइल चालू करने पर आए एक फोन कॉल के आधार पर युवक की पहचान विजय कुमार मुर्मू (30), पिता गिरीश मुर्मू, निवासी मुरली पहाड़ी, जिला देवघर (झारखंड) के रूप में हुई।

घटनास्थल से करीब 100 मीटर की दूरी पर एक चप्पल और विदेशी शराब की एक बोतल भी बरामद हुई है। पुलिस ने दोनों सामान को जब्त कर जांच शुरू कर दी है। सूचना मिलने पर एफएसएल टीम ने भी मौके पर पहुंचकर वैज्ञानिक साक्ष्य एकत्र किए।
लक्ष्मीपुर थाना अध्यक्ष आलोक कुमार पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर मौजूद रहे। शव मिलने की खबर फैलते ही आसपास के गांवों से बड़ी संख्या में लोग मौके पर पहुंच गए।
सदर एसडीपीओ सतीश सुमन ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का प्रतीत होता है, लेकिन पुलिस हर पहलू की गहन जांच कर रही है। मृतक के मोबाइल फोन की कॉल डिटेल, संपर्कों और अन्य डिजिटल साक्ष्यों की जांच की जा रही है। प्रेम प्रसंग सहित अन्य संभावित कारणों को भी जांच के दायरे में रखा गया है।
फिलहाल शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया गया है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और फॉरेंसिक जांच के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा।




Leave a Reply
You must be logged in to post a comment.