जमुई प्रखंड स्थित जगन्नाथ मिश्रा +2 उच्च विद्यालय, डुंडो एक बार फिर चर्चा में है। विद्यालय के प्रभारी प्रधानाध्यापक पर छात्रों से कथित रूप से अवैध राशि वसूलने का आरोप लगा है। इस पूरे घटनाक्रम का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसके बाद शिक्षा विभाग की कार्यप्रणाली और सरकारी विद्यालयों में पारदर्शिता को लेकर कई सवाल उठने लगे हैं।
वायरल वीडियो में विद्यालय के प्रभारी प्रधानाध्यापक अनिल कुमार सुमन कथित तौर पर छात्रों से नकद राशि लेते हुए दिखाई दे रहे हैं। दावा किया जा रहा है कि छात्रों से परीक्षा शुल्क के नाम पर 50 रुपये, मार्कशीट उपलब्ध कराने के नाम पर 200 रुपये तथा अपार (APAAR) आईडी में नाम दर्ज कराने के लिए 100 रुपये लिए जा रहे हैं।
छात्रों और अभिभावकों का आरोप है कि सरकारी नियमों के अनुसार इन कार्यों के लिए किसी प्रकार का शुल्क निर्धारित नहीं है, इसके बावजूद विद्यालय में अलग-अलग मदों के नाम पर पैसे लिए जा रहे हैं। वीडियो सामने आने के बाद स्थानीय लोगों में भी नाराजगी देखी जा रही है और मामले की निष्पक्ष जांच की मांग उठ रही है।
जब इस संबंध में प्रभारी प्रधानाध्यापक अनिल कुमार सुमन से संपर्क किया गया तो उन्होंने शुरुआत में छात्रों से पैसे लेने के आरोपों से इनकार किया। बाद में उन्होंने स्वीकार किया कि विद्यालय वित्त रहित है और शिक्षकों को सरकार से नियमित वेतन नहीं मिलता। उन्होंने कहा कि विद्यालय संचालन के लिए बच्चों से 25 से 30 रुपये तक सहयोग राशि ली जाती है। हालांकि परीक्षा शुल्क, मार्कशीट और अपार आईडी के नाम पर कथित वसूली के आरोपों पर उन्होंने कोई स्पष्ट जवाब नहीं दिया।
जमुई टुडे न्यूज डेस्क




Leave a Reply
You must be logged in to post a comment.