सोनो (जमुई)। जमुई जिले के बटिया थाना क्षेत्र के कटावत गांव निवासी स्वर्गीय बालदेव रविदास के पुत्र विष्णु कुमार का शव सोमवार सुबह कटहराटांड जंगल में एक पेड़ से फंदे से लटका मिला। घटना की सूचना मिलते ही इलाके में सनसनी फैल गई। बटिया थाना पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लिया और पोस्टमार्टम के लिए जमुई सदर अस्पताल भेज दिया।
जानकारी के अनुसार, विष्णु कुमार शनिवार को साइकिल और मोबाइल लेकर जंगल में लकड़ी लाने के लिए घर से निकले थे, लेकिन देर शाम तक वापस नहीं लौटे। परिजनों ने उनकी काफी तलाश की, जबकि रविवार को भी ग्रामीणों ने आसपास के जंगलों में खोजबीन की, लेकिन उनका कोई पता नहीं चल सका।

सोमवार सुबह करीब 40 ग्रामीण दोबारा कटहराटांड जंगल में खोजबीन के लिए पहुंचे। इसी दौरान घने जंगल में एक पेड़ से उनका शव फंदे से लटका मिला। इसके बाद ग्रामीणों ने तत्काल बटिया थाना पुलिस को सूचना दी।
सूचना मिलते ही थाना प्रभारी सुजाता कुमारी और एएसआई दिलीप कुमार पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस ने एफएसएल (फॉरेंसिक साइंस लैब) टीम को बुलाकर घटनास्थल का निरीक्षण कराया। टीम ने आवश्यक साक्ष्य जुटाने के बाद शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
मृतक की पत्नी आरती कुमारी ने बताया कि उनके पति शनिवार को लकड़ी लाने जंगल गए थे, लेकिन वापस नहीं लौटे। उन्होंने बताया कि 22 दिन पहले ही उनकी एक बच्ची का जन्म हुआ था। परिवार में पहले से एक बेटा और एक बेटी है। विष्णु कुमार अपने पीछे पत्नी और तीन छोटे बच्चों को छोड़ गए हैं।
पुलिस ने बताया कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और फॉरेंसिक जांच के बाद ही मौत के कारणों का स्पष्ट पता चल सकेगा।
सोनो से योगेंद्र प्रसाद उर्फ कुंदन की रिपोर्ट




Leave a Reply
You must be logged in to post a comment.