जमुई। जिले की राजनीति में रविवार को बड़ा राजनीतिक घटनाक्रम देखने को मिला। राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के व्यवसायी प्रकोष्ठ के जिलाध्यक्ष मुकेश साह ने राजद का दामन छोड़ जेडीयू की सदस्यता ग्रहण कर ली। उन्हें पूर्व मंत्री सह बिहार प्रदेश जदयू के उपाध्यक्ष सुमित सिंह ने पार्टी की सदस्यता दिलाई। इस अवसर पर मुकेश साह के साथ करीब 150 समर्थकों ने भी जदयू की सदस्यता ली। सदस्यता ग्रहण समारोह में जदयू नेताओं ने मुकेश साह का स्वागत करते हुए कहा कि संगठन में उनकी सक्रिय भूमिका रहेगी। पार्टी सूत्रों के अनुसार, उन्हें जल्द ही जदयू में महत्वपूर्ण जिम्मेदारी भी सौंपी जा सकती है।

जदयू की सदस्यता लेने के बाद मुकेश साह ने कहा कि उन्होंने पार्टी की नीतियों और एनडीए गठबंधन की कार्यशैली से प्रभावित होकर यह निर्णय लिया है। उन्होंने कहा कि जदयू और एनडीए गठबंधन हमेशा व्यवसायियों के हितों की रक्षा और उनके विकास के लिए कार्य करता रहा है। इसी विश्वास और सकारात्मक सोच के साथ उन्होंने पार्टी ज्वाइन की है। उन्होंने विश्वास जताया कि जदयू से जुड़कर वे अपने क्षेत्र के व्यवसायी भाइयों की समस्याओं को मजबूती से उठाते हुए उनके हित में बेहतर कार्य कर सकेंगे।
इस मौके पर जदयू जिलाध्यक्ष शैलेंद्र महतो सहित पार्टी के पूर्व जिलाध्यक्ष शिवशंकर चौधरी, जिला उपाध्यक्ष सह प्रवक्ता सुनील वर्णवाल, युवा प्रदेश सचिव योगेंद्र यादव, जदयू नेता हरिओम कुशवाहा, सकलदेव दास,नवीन ठाकुर, भोला खान, नौशाद कय्यूम,युवा जिलाध्यक्ष सोनू रावत, चिकित्सा प्रकोष्ठ जिला अध्यक्ष दरोगी यादव, जिला सचिव राजेश सिंह, जमुई नगर अध्यक्ष राजेश कुमार वर्मा, जमुई प्रखंड अध्यक्ष जमील अहमद, गिद्धौर प्रखंड अध्यक्ष विवेकानंद सिंह, बरहट प्रखंड अध्यक्ष भीष्मदेव मंडल, सोनो प्रखंड अध्यक्ष प्रकाश मंडल, युवा उपाध्यक्ष प्रिंस कुमार, मनोहर विश्वकर्मा सहित सैकड़ों कार्यकर्ता मौजूद रहे।




Leave a Reply
You must be logged in to post a comment.