जमुई। जमुई जिले के चंद्रदीप थाना में पदस्थापित एक सब-इंस्पेक्टर (एसआई) पर मुंगेर की एक युवती ने शादी का झांसा देकर शारीरिक संबंध बनाने और बाद में साथ रखने से इनकार करने का गंभीर आरोप लगाया है। पीड़िता ने शुक्रवार शाम पुलिस अधीक्षक (एसपी) को आवेदन देकर मामले की निष्पक्ष जांच एवं कानूनी कार्रवाई की मांग की है।
पीड़िता करिश्मा कुमारी का आरोप है कि करीब एक वर्ष पूर्व उसकी पहचान फेसबुक के माध्यम से एसआई कुंदन कृष्णा से हुई थी। बातचीत के दौरान दोनों के बीच प्रेम संबंध विकसित हुए। युवती का दावा है कि 13 फरवरी 2026 को मुंगेर स्थित चंडिका स्थान मंदिर में दोनों ने शादी की थी।

आवेदन में पीड़िता करिश्मा कुमारी ने कहा है कि शादी के बाद आरोपी दरोगा ने मुंगेर और बेगूसराय के विभिन्न होटलों में कई बार उसे बुलाकर शारीरिक संबंध बनाए। जब भी उसने साथ रहने की बात कही, तब आरोपी स्थायी रूप से कमरा लेकर साथ रखने का भरोसा देता रहा।
पीड़िता का कहना है कि बाद में जब आरोपी की पोस्टिंग जमुई जिले के चंद्रदीप थाना में हुई तो वह जमुई आई, जहां कुछ समय तक आरोपी ने उसे अपने किराये के कमरे में रखा। इसके बाद आरोपी ने कथित तौर पर यह कहते हुए साथ रखने से इनकार कर दिया कि दोनों अलग-अलग जाति के हैं। इतना ही नहीं, उसने कथित रूप से पांच लाख रुपये लेकर अलग हो जाने की बात भी कही।
युवती ने आवेदन में आरोप लगाया है कि विरोध करने पर उसे जबरन चंद्रदीप थाना ले जाया गया, जहां उसे धमकाया गया और अन्य पुलिसकर्मियों द्वारा अपमानित कर भगा दिया गया। पीड़िता ने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के विरुद्ध कार्रवाई की मांग की है।
वही इस मामले में आरोपी एसआई कुंदन कृष्णा ने फोन पर सभी आरोपों को गलत बताया है। उन्होंने कहा कि फेसबुक के माध्यम से उनकी महिला से पहचान हुई थी, लेकिन उन्होंने उससे शादी नहीं की है। उन्होंने कहा कि फिलहाल वे अस्वस्थ हैं और इससे अधिक कुछ नहीं कहना चाहते है।
जमुई के पुलिस अधीक्षक विश्वजीत दयाल ने कहा, एक महिला द्वारा आवेदन देकर चंद्रदीप थाना में कार्यरत एसआई पर आरोप लगाया गया है। मामले की जांच कराई जाएगी। जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।



