जमुई: “विकसित भारत-समृद्ध बिहार” विजन के तहत जिले के 10 उच्च माध्यमिक विद्यालयों को ‘सरस्वती विद्या निकेतन (आदर्श विद्यालय)’ के रूप में विकसित कर रविवार को लोकार्पित किया गया। राज्यस्तरीय कार्यक्रम में मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने बेगूसराय से वर्चुअल माध्यम से बिहार के 551 आदर्श विद्यालयों का शुभारंभ किया, जिसमें जमुई के 10 विद्यालय भी शामिल रहे।
जिला स्तरीय मुख्य समारोह जमुई प्रखंड के सतायन स्थित पूर्व +2 जनता उच्च विद्यालय, अब सरस्वती विद्या निकेतन, में आयोजित हुआ। कार्यक्रम में अपर समाहर्ता रविकांत सिन्हा ने स्मार्ट क्लासरूम का उद्घाटन किया तथा विद्यालय परिसर में पौधारोपण कर विद्यार्थियों को पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि ये विद्यालय ग्रामीण क्षेत्रों के बच्चों को आधुनिक और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।

जिला शिक्षा पदाधिकारी ने कहा कि आदर्श विद्यालयों में डिजिटल लर्निंग, स्मार्ट क्लासरूम, आधुनिक प्रयोगशालाएं, ई-लाइब्रेरी, खेल सुविधाएं और नियमित प्रगति मूल्यांकन की व्यवस्था की गई है। साथ ही मेडिकल, इंजीनियरिंग और अन्य प्रतियोगी परीक्षाओं की प्रारंभिक तैयारी, करियर काउंसलिंग तथा रिमेडियल क्लासेस भी संचालित होंगी।
समारोह में भाजपा जिलाध्यक्ष दुर्गा केशरी, लोजपा जिलाध्यक्ष जीवन सिंह सहित कई जनप्रतिनिधि, शिक्षक और बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं मौजूद रहे।
जिले के जिन विद्यालयों को आदर्श विद्यालय का दर्जा मिला है, उनमें जमुई, अलीगंज, सिकंदरा, लक्ष्मीपुर, बरहट, गिद्धौर, सोनो, चकाई, खैरा और झाझा के एक-एक उच्च माध्यमिक विद्यालय शामिल हैं। इन विद्यालयों को आसपास के सरकारी स्कूलों के लिए शैक्षणिक संसाधन एवं मार्गदर्शन केंद्र के रूप में भी विकसित किया जाएगा।




Leave a Reply
You must be logged in to post a comment.