जमुई के सिकंदरा थाना क्षेत्र के लोहंडा गांव में एक ही रात दो घर बने निशाना, पुलिस जांच में जुटी, डॉग स्क्वायड भी बुलाया गया
जमुई। सिकंदरा थाना क्षेत्र के लोहंडा गांव में शनिवार देर रात चोरों ने बड़ी वारदात को अंजाम देते हुए एक घर से लाखों नहीं, बल्कि परिवार के दावे के अनुसार करीब एक करोड़ रुपये मूल्य के सोने-चांदी के जेवरात चोरी कर लिए। इसी रात गांव के एक अन्य बंद पड़े मकान को भी निशाना बनाया गया, जहां से नकदी और चांदी के सिक्के चोरी होने की सूचना है। एक ही रात में दो घरों में हुई चोरी से पूरे गांव में दहशत का माहौल है।
जानकारी के अनुसार, लोहंडा गांव निवासी महेश्वर प्रसाद सिंह के घर में शनिवार रात परिवार के सदस्य सो रहे थे। इसी दौरान अज्ञात चोर खिड़की तोड़कर उस कमरे में घुस गए, जहां महिलाओं के कीमती जेवरात रखे थे। चोर बक्सा और अन्य सामान लेकर फरार हो गए।

पीड़िता किरण कुमारी ने बताया कि परिवार रात करीब 10:30 बजे सो गया था। सुबह जब कमरे का दरवाजा खोलने की कोशिश की गई तो वह अंदर से बंद मिला। इसी बीच गांव के लोगों ने घर के बाहर कपड़े पड़े होने की सूचना दी। इसके बाद घटना का पता चला।
उन्होंने बताया कि उनके जेठ राकेश सिंह अपनी पत्नी के साथ बीमार ससुर को देखने बाहर गए हुए थे। राकेश सिंह की पत्नी सरकारी शिक्षिका हैं। चोरी केवल उसी कमरे में हुई, जहां जेवरात रखे थे। परिवार के अनुसार चोर 40 भर से अधिक सोने के जेवरात और एक किलोग्राम से अधिक चांदी के आभूषण लेकर फरार हो गए। परिवार ने चोरी गए सामान की अनुमानित कीमत करीब एक करोड़ रुपये बताई है। पुलिस की ओर से इस मूल्यांकन की आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं की गई है।

बंद मकान को भी बनाया निशाना
इसी रात चोरों ने गांव निवासी अजय सिंह के बंद पड़े मकान में भी चोरी की। बताया जाता है कि उनका परिवार पिछले करीब 15 दिनों से घर से बाहर था। चोर वहां से 50 हजार रुपये नकद और करीब 50 चांदी के सिक्के ले गए। हालांकि परिवार के लौटने के बाद ही चोरी गए सामान का सही आकलन हो सकेगा।
पुलिस जांच में जुटी, डॉग स्क्वायड की मदद
घटना की सूचना मिलते ही सिकंदरा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है तथा साक्ष्य जुटा रही है। मामले की गंभीरता को देखते हुए डॉग स्क्वायड टीम की भी मदद ली जा रही है।
सिकंदरा थानाध्यक्ष विकास कुमार ने बताया कि पुलिस सभी पहलुओं पर जांच कर रही है। जल्द ही चोरों की पहचान कर उनकी गिरफ्तारी के लिए कार्रवाई की जाएगी।




Leave a Reply
You must be logged in to post a comment.