जमुई: बढ़ते साइबर अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण और लोगों को डिजिटल सुरक्षा के प्रति जागरूक बनाने के लिए शुक्रवार को मुख्य सचिव और पुलिस महानिदेशक, बिहार की संयुक्त अध्यक्षता में वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से उच्च स्तरीय समीक्षा बैठक हुई। बैठक में जमुई के जिला पदाधिकारी और पुलिस अधीक्षक भी शामिल हुए। राज्य सरकार ने सभी जिलों में प्रत्येक मंगलवार को “साइबर मंगलवार” अभियान चलाने का निर्देश दिया है।
बैठक में साइबर अपराध समन्वय केंद्र को मजबूत करने, साइबर मामलों में तत्काल जीरो एफआईआर दर्ज करने, शिकायतों के त्वरित निष्पादन और मनी रेस्टोरेशन मॉड्यूल के जरिए पीड़ितों की फ्रीज राशि जल्द लौटाने पर जोर दिया गया। सोशल मीडिया पर अफवाह और आपत्तिजनक सामग्री पर त्वरित कार्रवाई, साइबर हॉटस्पॉट की निगरानी तथा पुलिसकर्मियों को तकनीकी प्रशिक्षण देने के भी निर्देश दिए गए।
बैठक के बाद जिला पदाधिकारी ने कहा कि डिजिटल युग में सतर्कता ही सबसे बड़ा बचाव है। उन्होंने लोगों से अनजान कॉल, लिंक और संदेशों से सावधान रहने तथा परिवार के बुजुर्गों और बच्चों को भी साइबर सुरक्षा के प्रति जागरूक करने की अपील की।
पुलिस अधीक्षक ने कहा कि किसी भी व्यक्ति के साथ ओटीपी, यूपीआई पिन, पासवर्ड या बैंक संबंधी गोपनीय जानकारी साझा न करें। साइबर ठगी होने पर तुरंत 1930 हेल्पलाइन पर कॉल करें या राष्ट्रीय साइबर अपराध पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराकर समय रहते कार्रवाई सुनिश्चित करें।




Leave a Reply
You must be logged in to post a comment.