जमुई। जिले में उच्च शिक्षा के विस्तार की दिशा में 15 जुलाई का दिन ऐतिहासिक होने जा रहा है। बिहार सरकार की पहल पर जमुई के लक्ष्मीपुर, सोनो, खैरा और इस्लामनगर अलीगंज प्रखंडों में नवस्थापित डिग्री कॉलेजों में बुधवार से शैक्षणिक गतिविधियां शुरू हो जाएंगी। राज्य स्तरीय कार्यक्रम का आयोजन भागलपुर में होगा, जहां से मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी वर्चुअल माध्यम से राज्य के 211 नवस्थापित प्रखंड स्तरीय डिग्री महाविद्यालयों का उद्घाटन करेंगे।
जिला प्रशासन के अनुसार, चारों महाविद्यालयों में उद्घाटन समारोह और मुख्यमंत्री के संबोधन के लाइव प्रसारण की सभी प्रशासनिक, तकनीकी एवं आधारभूत तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। कॉलेज परिसरों में स्थानीय स्तर पर भी कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
प्रशासन का मानना है कि इन महाविद्यालयों के शुरू होने से ग्रामीण क्षेत्रों के विद्यार्थियों, विशेषकर छात्राओं को अपने प्रखंड में ही उच्च शिक्षा की सुविधा मिलेगी। इससे उच्च शिक्षा के लिए दूसरे शहरों पर निर्भरता कम होगी और नामांकन दर में भी वृद्धि की उम्मीद है।
इस अवसर पर जिले के प्रभारी मंत्री, सांसद, जमुई विधायक सह उद्योग एवं खेल मंत्री, झाझा विधायक सह परिवहन मंत्री, सिकंदरा एवं चकाई के विधायक, प्रभारी सचिव, जिला 20 सूत्री समिति के सदस्य तथा अन्य जनप्रतिनिधियों और गणमान्य लोगों को समारोह में शामिल होने के लिए आमंत्रित किया गया है।




Leave a Reply
You must be logged in to post a comment.