नई दिल्ली । देश के सबसे बड़े वैश्विक टेक्सटाइल आयोजन भारत टेक्स 2026 का मंगलवार को नई दिल्ली के भारत मंडपम में शुभारंभ हुआ। 17 जुलाई तक चलने वाले इस चार दिवसीय आयोजन में बिहार पार्टनर स्टेट के रूप में अपनी मजबूत उपस्थिति दर्ज करा रहा है। केंद्रीय वस्त्र मंत्री गिरिराज सिंह और बिहार की उद्योग मंत्री श्रेयसी सिंह ने संयुक्त रूप से हॉल-11ए में स्थापित बिहार पवेलियन का उद्घाटन किया।
इस मौके पर वस्त्र राज्य मंत्री पबित्रा मार्गेरिटा, उद्योग विभाग के सचिव कुंदन कुमार, बिहार भवन के स्थानिक आयुक्त मनोज कुमार सिंह, उद्योग निदेशक मुकुल कुमार गुप्ता समेत कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।

उद्योग मंत्री श्रेयसी सिंह ने कहा कि बिहार टेक्सटाइल और परिधान उद्योग के क्षेत्र में तेजी से उभरता हुआ राज्य है। राज्य सरकार की निवेश-अनुकूल नीतियां, पारंपरिक शिल्प को बढ़ावा और बेहतर औद्योगिक माहौल उद्यमियों व निवेशकों के लिए नए अवसर पैदा कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि भारत टेक्स 2026 बिहार की औद्योगिक क्षमता और समृद्ध वस्त्र विरासत को वैश्विक मंच पर प्रदर्शित करने का सुनहरा अवसर है।
उद्योग विभाग के सचिव कुंदन कुमार ने कहा कि बिहार पवेलियन राज्य की पारंपरिक कला और आधुनिक औद्योगिक विकास का बेहतरीन संगम है, जो नए बाजारों और व्यापारिक साझेदारियों के रास्ते खोलेगा।
बिहार पवेलियन में सावी ग्लोबल, गोपालन सिल्क, ईको तसर सिल्क, निफ्ट पटना, मॉडलामा ग्रुप समेत कई संस्थान अपने उत्पाद प्रदर्शित कर रहे हैं। वहीं, प्रसिद्ध कलाकार कुमारी नलिनी शाह की मधुबनी पेंटिंग और अरुंधती महतो की टिकुली कला का लाइव प्रदर्शन आगंतुकों के आकर्षण का प्रमुख केंद्र बना हुआ है। आयोजन के माध्यम से बिहार निवेश, उद्योग और पारंपरिक हस्तशिल्प की नई संभावनाओं को वैश्विक मंच पर प्रस्तुत कर रहा है।




Leave a Reply
You must be logged in to post a comment.