गुटखा खाकर स्कूल आने, छात्रा के मुंह में गुटखा डालने और बाथरूम तक पीछा करने के आरोप, शिक्षक ने सभी आरोपों को बताया निराधार, निष्पक्ष जांच की मांग की।
जमुई। शहर के खैरमा स्थित उत्क्रमित मध्य विद्यालय में शनिवार को उस समय तनावपूर्ण स्थिति उत्पन्न हो गई, जब विद्यालय के एक शिक्षक पर छात्राओं के साथ कथित अभद्र व्यवहार का आरोप लगाते हुए बड़ी संख्या में ग्रामीण विद्यालय पहुंच गए। आक्रोशित ग्रामीणों ने विद्यालय परिसर में जमकर विरोध प्रदर्शन किया और संबंधित शिक्षक को करीब दो घंटे तक विद्यालय के एक कमरे में बैठाए रखा। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और निष्पक्ष जांच व उचित कार्रवाई का आश्वासन देकर स्थिति को शांत कराया।

ग्रामीणों का आरोप है कि विद्यालय के शिक्षक मनोरंजन कुमार लंबे समय से बच्चों, विशेषकर छात्राओं, के साथ अनुचित व्यवहार करते रहे हैं। स्थानीय ग्रामीण अभय कुमार ने बताया कि कई छात्राओं ने शिक्षक के खिलाफ शिकायत की है। आरोप है कि शिक्षक गुटखा खाकर विद्यालय आते हैं, एक छात्रा के मुंह में गुटखा डालने जैसी हरकत की गई तथा छात्राओं के शौचालय जाने के दौरान उनके पीछे जाने की भी शिकायत सामने आई है। ग्रामीणों का कहना है कि इस तरह की घटनाएं बेहद गंभीर हैं और तत्काल कार्रवाई होनी चाहिए।
ग्रामीणों ने यह भी दावा किया कि करीब पांच वर्ष पूर्व भी शिक्षक पर इसी तरह के आरोप लगे थे। उस समय विरोध के बाद शिक्षक ने भविष्य में ऐसी गलती नहीं करने का आश्वासन दिया था, लेकिन अब फिर से छात्राओं द्वारा शिकायत किए जाने के बाद लोगों का आक्रोश फूट पड़ा। ग्रामीणों ने विद्यालय की दीवारों और भवन को गुटखा थूककर गंदा किए जाने का भी आरोप लगाया तथा संबंधित शिक्षक को तत्काल विद्यालय से हटाकर विभागीय कार्रवाई की मांग की।

वहीं, शिक्षक मनोरंजन कुमार ने अपने ऊपर लगाए गए सभी आरोपों को सिरे से खारिज किया है। उन्होंने कहा कि बच्चों को अनुशासन में रखने के लिए डांटने पर कुछ अभिभावकों ने गलत आरोप लगाए हैं। उनका कहना है कि वह पिछले 20 वर्षों से विद्यालय में कार्यरत हैं और कभी किसी छात्रा के साथ अनुचित व्यवहार नहीं किया। शिक्षक ने विद्यालय में लगे सीसीटीवी कैमरों का हवाला देते हुए पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की। उन्होंने कहा कि यदि आरोप सही साबित होते हैं तो उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाए। साथ ही उन्होंने स्वीकार किया कि वह घर से गुटखा खाकर आते हैं, लेकिन विद्यालय परिसर में गुटखा नहीं खाते।
इधर, पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। शिक्षा विभाग के अधिकारियों ने भी शिकायत मिलने की पुष्टि करते हुए कहा है कि सभी आरोपों की निष्पक्ष जांच कराई जाएगी।




Leave a Reply
You must be logged in to post a comment.