जमुई। जमुई थाना क्षेत्र के दिघोय गांव में दो पक्षों के बीच मारपीट का मामला सामने आया है। घटना को लेकर दोनों पक्षों की ओर से जमुई थाना में प्राथमिकी दर्ज कराई गई है। एक पक्ष की देवकी देवी ने 12 नामजद लोगों पर घर में घुसकर मारपीट, जान से मारने की धमकी, महिला के साथ दुर्व्यवहार और सोने का लॉकेट छीनने का गंभीर आरोप लगाया है।
देवकी देवी के आवेदन के अनुसार, 2 अगस्त की रात करीब आठ बजे नामजद आरोपी कथित तौर पर हथियारों से लैस होकर उनके घर पहुंचे और गाली-गलौज करते हुए मारपीट करने लगे। उन्होंने आरोप लगाया कि मिथिलेश कुमार ने बंदूक की नली उनकी कनपटी पर सटाकर जान से मारने की धमकी दी तथा बंदूक के बट से सिर पर हमला किया, जिससे उनके कान में गंभीर चोट लगी।
महिला ने रानी कुमारी और पूनम देवी पर बाल काटकर मुंह में ठूंसने तथा गले से करीब 80 हजार रुपये मूल्य का सोने का लॉकेट छीनने का आरोप लगाया है। बचाने पहुंची बहू क्रांति देवी के साथ भी मारपीट करने और लोहे की रॉड से हमला करने का आरोप लगाया गया है। वहीं, उनके करीब 75 वर्षीय पति के साथ भी मारपीट कर घायल करने की बात कही गई है।
पीड़िता के अनुसार, घटना की सूचना 112 पर देने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को सदर अस्पताल ले जाया गया। महिला का दावा है कि प्राथमिकी दर्ज होने के बावजूद नामजद आरोपी खुलेआम घूम रहे हैं और केस वापस लेने की धमकी दे रहे हैं।
मामले में दोनों पक्षों की प्राथमिकी दर्ज होने के बाद देवकी देवी ने पुलिस अधीक्षक (SP), जमुई को आवेदन देकर न्याय की गुहार लगाई है। उन्होंने नामजद आरोपियों की गिरफ्तारी, निष्पक्ष जांच और अपने परिवार को सुरक्षा उपलब्ध कराने की मांग की है।




Leave a Reply
You must be logged in to post a comment.