जेसीबी से खुदाई के दौरान कमजोर हुई नींव, दीवारों में आईं दरारें; पीड़ित परिवार ने प्रशासन से मुआवजा और सुरक्षित आश्रय की मांग की
जमुई। नगर परिषद क्षेत्र के महाराजगंज मोहल्ले में नाला निर्माण के लिए की जा रही जेसीबी से खुदाई के दौरान एक मकान क्षतिग्रस्त हो गया। मकान क्षतिग्रस्त होकर एक ओर झुक गया है और उसकी दीवारों में बड़ी-बड़ी दरारें पड़ गई हैं। स्थिति को देखते हुए मकान के कभी भी गिरने की आशंका जताई जा रही है। घटना के बाद परिवार के सामने रहने का संकट खड़ा हो गया है।
स्थानीय लोगों के अनुसार, नाला निर्माण के लिए जेसीबी से मकान के समीप गहरी खुदाई की जा रही थी। इसी दौरान मकान की नींव कमजोर हो गई और भवन का एक हिस्सा झुकने लगा। दीवारों में दरारें आने के बाद घर में मौजूद लोग आनन-फानन में बाहर निकल गए। घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के लोग मौके पर पहुंच गए।

क्षतिग्रस्त मकान कपिल देव रावत और मुन्ना रावत का बताया जा रहा है। परिवार के सदस्यों का कहना है कि मकान की स्थिति बेहद खतरनाक हो गई है और डर के कारण वे घर के अंदर जाने की स्थिति में नहीं हैं। इससे उनके सामने सुरक्षित आश्रय का संकट उत्पन्न हो गया है।
स्थानीय नागरिकों ने आरोप लगाया कि नाला निर्माण के दौरान आसपास के मकानों की सुरक्षा का पर्याप्त ध्यान नहीं रखा गया। लोगों ने प्रशासन से तत्काल तकनीकी टीम भेजकर मकान की स्थिति का निरीक्षण कराने और खतरे वाले क्षेत्र को सुरक्षित करने की मांग की है।
पीड़ित परिवार और स्थानीय लोगों ने जिला प्रशासन से उचित मुआवजा, तत्काल सुरक्षित आश्रय और क्षतिग्रस्त मकान की जांच कराने की मांग की है। साथ ही निर्माण कार्य में लापरवाही की जांच कर जिम्मेदार संवेदक या संबंधित कर्मियों पर कार्रवाई की मांग भी उठाई है। लोगों का कहना है कि समय रहते मकान को सुरक्षित नहीं किया गया तो बड़ा हादसा हो सकता है।
कुमार नेहरू की रिपोर्ट




Leave a Reply
You must be logged in to post a comment.