शराब के नशे में जबरन दुष्कर्म का प्रयास करने का आरोप, शोर मचाने पर भागा आरोपी; पुलिस ने गिरफ्तार कर भेजा जेल
जमुई। चरकापत्थर थाना क्षेत्र में घर में अकेली महिला के साथ दुष्कर्म की कोशिश का मामला सामने आया है। पीड़िता के आवेदन पर चरकापत्थर थाना पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर आरोपी युवक भोजल यादव को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। पुलिस और एफएसएल की टीम ने घटनास्थल पर पहुंचकर जांच की और साक्ष्य जुटाए हैं।
पीड़िता ने पुलिस को दिए आवेदन में बताया कि गुरुवार शाम करीब सात बजे उसका पति मजदूरी करने गया था और घर लौटने में देर हो गई थी। इसी दौरान गांव का ही भोजल यादव कथित तौर पर शराब के नशे में उसके घर में घुस आया। आरोपी ने पहले उसके पति के बारे में पूछा। पति के मजदूरी करने जाने की बात बताने के बाद आरोपी ने महिला को पकड़कर घर के अंदर खींच लिया और खाट पर पटककर उसके साथ दुष्कर्म करने की कोशिश की।

महिला के अनुसार, उसने विरोध करते हुए आरोपी को जोर से धक्का दिया और शोर मचाना शुरू कर दिया। शोर सुनकर आसपास के ग्रामीणों को घटना की जानकारी हुई, जिसके बाद आरोपी मौके से भाग गया।
पीड़िता ने बताया कि घटना के बाद उसने आरोपी के पिता से भी शिकायत की, लेकिन वहां कथित तौर पर उसे धमकी दी गई। महिला के मुताबिक उसकी शादी करीब एक वर्ष पहले हुई है। वह मूल रूप से दूसरे गांव की रहने वाली है और पिछले कुछ महीनों से अपने पति के साथ इस गाँव में रह रही है।

घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने पीड़िता का मेडिकल परीक्षण सोनो अस्पताल में कराया। वहीं, घटनास्थल से साक्ष्य जुटाने के लिए एफएसएल टीम को भी बुलाया गया।
चरकापत्थर थानाध्यक्ष रंजीत कुमार ने बताया कि पीड़िता के आवेदन के आधार पर प्राथमिकी दर्ज की गई है। आवेदन में दुष्कर्म की कोशिश का आरोप लगाया गया है। पुलिस और एफएसएल टीम ने घटनास्थल की जांच कर साक्ष्य जुटाए हैं। आरोपी भोजल यादव को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। मामले की जांच जारी है।
सोनो से योगेंद्र प्रसाद उर्फ कुंदन की रिपोर्ट



