जुताई के दौरान दो पक्षों में जमकर मारपीट, कई लोग घायल; पुलिस जांच में जुटी
जमुई। जिले के हरला गांव से जुड़े लीलकंठा बहियार में सोमवार को जमीन विवाद ने खूनी रूप ले लिया। खेत की जुताई के दौरान दो पक्षों के बीच जमकर मारपीट हो गई। घटना में दोनों पक्षों के कई लोगों के घायल होने की सूचना है। वहीं, एक पक्ष ने दूसरे पक्ष पर जानबूझकर ट्रैक्टर चढ़ाकर 50 वर्षीय महिला लालो देवी, पति उदित मंडल की हत्या करने का गंभीर आरोप लगाया है।
बताया जाता है कि स्वर्गीय गोबिंद मंडल के नाम दर्ज जमीन को लेकर दोनों पक्षों के बीच करीब छह महीने से विवाद चल रहा था। आरोप है कि एक पक्ष उक्त जमीन में जबरन हिस्सा मांग रहा था। सोमवार को खेत की जुताई के लिए लोग लीलकंठा बहियार पहुंचे थे। इसी दौरान जमीन को लेकर दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए और विवाद बढ़ने के बाद मारपीट शुरू हो गई।

एक पक्ष का आरोप है कि गणेश मंडल उर्फ पातो मंडल ट्रैक्टर चला रहा था। उसके साथ मुकेश मंडल, रंजीत मंडल और गोरेलाल कुमार भी मौजूद थे। इसी दौरान कथित तौर पर जानबूझकर ट्रैक्टर महिला के ऊपर चढ़ा दिया गया, जिससे लालो देवी गंभीर रूप से घायल हो गईं। बाद में उनकी मौत हो गई।
घटना में पहले पक्ष से ज्योतिष कुमार, रितिक कुमार, दयानंद मंडल, ध्यानचंद्र कुमार, जयवर्धन प्रसाद, मनोज कुमार, लीलम मंडल और बेचनी देवी के घायल होने की बात सामने आई है। वहीं, दूसरे पक्ष से राजिंदर मंडल के पुत्र सतीश कुमार, निवासी हरला के घायल होने की सूचना है।
मारपीट के मामले में सौरव कुमार, बजरंगी कुमार, छबील कुमार, राजिंदर मंडल, मुकेश मंडल, सुलेखा देवी, कविता कुमारी, पूजा देवी, सोनी कुमारी और अंजनी देवी समेत अन्य लोगों पर भी शामिल होने का आरोप लगाया गया है।
घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस मामले की जांच में जुट गई है। पुलिस दोनों पक्षों की ओर से लगाए गए आरोपों की जांच कर रही है। महिला की मौत ट्रैक्टर की चपेट में आने से हुई या किसी अन्य कारण से, इसकी पुष्टि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पुलिस जांच के बाद ही हो सकेगी। घटना के बाद इलाके में तनाव की स्थिति बनी हुई है। पुलिस पूरे मामले में संबंधित लोगों से पूछताछ कर रही है।
कुमार नेहरू की रिपोर्ट




Leave a Reply
You must be logged in to post a comment.