जमुई। जमुई सदर अस्पताल में स्वास्थ्य व्यवस्था को लेकर एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में एक युवक अपने 75 वर्षीय पिता को गोद में उठाकर अस्पताल के अंदर ले जाता दिखाई दे रहा है। बताया जा रहा है कि बुजुर्ग मरीज को सीटी स्कैन कराने के लिए ले जाना था, लेकिन परिजन को समय पर स्ट्रेचर उपलब्ध नहीं हो सका। घटना के बाद अस्पताल की व्यवस्था पर सवाल उठ रहे हैं।

जानकारी के अनुसार, सोनो प्रखंड के चुरहैत निवासी सदानंद सिंह अपने पिता रंजय सिंह (75) को बुखार और निमोनिया की शिकायत के बाद इलाज के लिए जमुई सदर अस्पताल लेकर पहुंचे थे। चिकित्सक ने जांच के बाद उनका सीटी स्कैन कराने की सलाह दी।
सदानंद के अनुसार, पिता को सीटी स्कैन के लिए ले जाने के लिए उन्होंने स्ट्रेचर की तलाश की, लेकिन काफी देर तक उन्हें स्ट्रेचर नहीं मिला। उनका कहना है कि अस्पताल में एक स्ट्रेचर पर पहले से शव रखा हुआ था। दूसरे स्ट्रेचर की व्यवस्था के लिए भी उन्होंने कर्मचारियों से जानकारी मांगी, लेकिन तत्काल कोई व्यवस्था नहीं हो सकी।

सीटी स्कैन में देरी होती देख सदानंद ने अपने पिता को गोद में उठाया और अस्पताल के भीतर डॉक्टर के पास लेकर पहुंचे। इसी दौरान किसी ने इसका वीडियो बना लिया, जो अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।
दो ट्रॉली मैन से मांगा गया स्पष्टीकरण
मामले में सदर अस्पताल के डिप्टी सुपरीटेंडेंट डॉ. तनिष्क कुमार ने बताया कि स्ट्रेचर नहीं मिलने की जानकारी मिली है। ड्यूटी पर तैनात दो ट्रॉली मैन से स्पष्टीकरण मांगा गया है। उनसे पूछा गया है कि किस परिस्थिति में मरीज को समय पर स्ट्रेचर उपलब्ध नहीं कराया जा सका। स्पष्टीकरण मिलने के बाद मामले की जांच कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
घटना के बाद सवाल उठ रहा है कि यदि अस्पताल में पर्याप्त स्ट्रेचर उपलब्ध थे, तो जरूरत के समय मरीज तक वे क्यों नहीं पहुंच सके।
कुमार नेहरू की रिपोर्ट
देखिए वीडियो….




Leave a Reply
You must be logged in to post a comment.