गिद्धौर-जमुई मार्ग पर पावर ग्रिड मोड़ की घटना, हादसे के बाद चालक कार छोड़कर फरार; पुलिस ने शुरू की तस्करी की जांच
जमुई। गिद्धौर थाना क्षेत्र के गिद्धौर-जमुई मार्ग स्थित पावर ग्रिड सब स्टेशन मोड़ के पास मंगलवार देर रात शराब लदी तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर सड़क किनारे स्थित चाय की दुकान में जा घुसी। हादसे में दुकान पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई, जबकि दुकान में मौजूद दुकानदार मुकेश साह बाल-बाल बच गए। घटना के बाद चालक कार छोड़कर अंधेरे का फायदा उठाते हुए फरार हो गया। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त कार से 552 बोतल अंग्रेजी शराब बरामद की है।
बताया जाता है कि मंगलवार देर रात सफेद रंग की एक कार जमुई की ओर जा रही थी। पावर ग्रिड सब स्टेशन मोड़ के पास तेज रफ्तार कार अचानक अनियंत्रित हो गई और सड़क किनारे चाय की दुकान में जा घुसी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि दुकान पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। वहीं, दुकान के पास खड़ी मुकेश साह की बाइक भी क्षतिग्रस्त हो गई।

बाल-बाल बचे दुकानदार
चाय दुकानदार मुकेश साह ने बताया कि कार काफी तेज रफ्तार में आ रही थी। अचानक चालक ने वाहन से नियंत्रण खो दिया और कार दुकान में जा घुसी। हादसे के समय वह दुकान में ही मौजूद थे, लेकिन किसी तरह उनकी जान बच गई। हादसे के बाद चालक मौके से फरार हो गया।
पुलिस ने बरामद की 552 बोतल शराब
घटना की सूचना मिलते ही गिद्धौर थानाध्यक्ष राशि मलिक के नेतृत्व में अवर निरीक्षक जय प्रकाश सिंह, मनीष कुमार और डायल-112 की टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त कार की तलाशी ली, जिसमें से 552 बोतल अंग्रेजी शराब बरामद हुई। शराब और वाहन को जब्त कर पुलिस थाने ले गई।
घटना की जानकारी मिलने के बाद डीएसपी अभिषेक कुमार भी मौके पर पहुंचे और पूरे मामले की जानकारी ली।
शराब की खेप कहां जा रही थी, जांच में जुटी पुलिस
पुलिस अब फरार चालक की तलाश में जुटी है। साथ ही यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि शराब की खेप कहां से लाई गई थी और इसे कहां पहुंचाया जाना था।




Leave a Reply
You must be logged in to post a comment.