जमुई। चंद्रमंडी थाना क्षेत्र के चिरैया पुल के पास पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए एक Swift कार से भारी मात्रा में विदेशी शराब और बीयर बरामद की है। इस दौरान कार सवार दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। बरामद शराब और बीयर की कुल मात्रा करीब 144 लीटर बताई जा रही है।
जानकारी के अनुसार, उत्पाद थाना प्रभारी गौरी शंकर कुमार को गुप्त सूचना मिली थी कि एक कार के जरिए बड़ी मात्रा में विदेशी शराब पश्चिम बंगाल की ओर से जमुई लाई जा रही है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने चिरैया पुल के समीप वाहन जांच अभियान शुरू किया।

इसी दौरान एक संदिग्ध Swift कार को रोककर उसकी तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान कार से करीब 185 बोतल विदेशी शराब और 29 बोतल बीयर बरामद हुई। बरामद शराब और बीयर की कुल मात्रा लगभग 144 लीटर है।
पुलिस ने मौके से कार सवार अजीत कुमार, निवासी टाउन थाना क्षेत्र, जमुई और उपचालक विकास कुमार, निवासी फतेहपुर, थाना हलसी, जिला लखीसराय को गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ में पुलिस को जानकारी मिली कि शराब की खेप पश्चिम बंगाल के बराकर से जमुई लाई जा रही थी। इसे जमुई टाउन और आसपास के इलाकों में सप्लाई किए जाने की योजना थी।
पुलिस के अनुसार, दोनों आरोपी जमुई और लखीसराय क्षेत्र में शराब के अवैध कारोबार से जुड़े हुए थे। पुलिस ने शराब और Swift कार को जब्त कर लिया है। दोनों आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
फिलहाल पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि शराब की खेप किस व्यक्ति से लाई गई थी और इसे जमुई में किन-किन स्थानों पर सप्लाई किया जाना था। इस मामले में शराब तस्करी से जुड़े अन्य लोगों की तलाश भी की जा रही है।




Leave a Reply
You must be logged in to post a comment.