जमुई। जिले के नीमा स्थित मदरसा इलामिया के समीप एक निर्माणाधीन मकान से 7 वर्षीय मासूम बच्ची का शव बरामद होने के बाद इलाके में सनसनी फैल गई। घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के लोगों की भारी भीड़ घटनास्थल पर जुट गई।
परिजनों के अनुसार, बच्ची शुक्रवार की रात करीब 8 बजे राशन का सामान लेने के लिए घर से निकली थी। इसके बाद वह वापस घर नहीं लौटी। देर रात तक बच्ची के घर नहीं पहुंचने पर परिजनों की चिंता बढ़ गई और उसकी तलाश शुरू की गई।
परिजन और स्थानीय लोग पूरी रात आसपास के इलाकों में बच्ची की खोजबीन करते रहे, लेकिन उसका कोई पता नहीं चल सका। बाद में शनिवार सुबह नीमा मदरसा इलामिया के समीप स्थित एक निर्माणाधीन मकान से बच्ची का शव बरामद किया गया।

शव मिलने की सूचना फैलते ही इलाके में हड़कंप मच गया। स्थानीय लोगों ने बच्ची के साथ गलत काम किए जाने के बाद हत्या की आशंका जताई है। हालांकि, इस संबंध में पुलिस की ओर से अभी तक किसी प्रकार की आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस सभी पहलुओं पर जांच कर रही है। सूचना मिलने पर पुलिस अधीक्षक, डीएसपी और जमुई सदर थानाध्यक्ष मौके पर पहुंचे तथा घटनास्थल का निरीक्षण किया।

पुलिस अधीक्षक ने बताया कि मामले की जांच के लिए फॉरेंसिक टीम को बुलाया गया है। साथ ही आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज भी खंगाले जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि घटना की गहनता से जांच की जा रही है और जल्द ही पूरे मामले का खुलासा किया जाएगा।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और फॉरेंसिक जांच के बाद ही बच्ची की मौत के वास्तविक कारणों का स्पष्ट खुलासा हो सकेगा।
कुमार नेहरू की रिपोर्ट




Leave a Reply
You must be logged in to post a comment.