जमुई। मलयपुर थाना क्षेत्र के पतनेश्वर मंदिर के समीप महज 80 रुपये के बकाया पैसे को लेकर शुरू हुआ विवाद हिंसक हो गया। आरोप है कि दुकान में मारपीट और तोड़फोड़ के दौरान बेटे को बचाने पहुंची 55 वर्षीय महिला की तबीयत बिगड़ गई। इलाज के लिए जमुई सदर अस्पताल ले जाने पर डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
मृतका की पहचान लक्ष्मीपुर थाना क्षेत्र के आनंदपुर गांव निवासी मंजू देवी, पति लक्ष्मी पंडित, के रूप में हुई है। वह पिछले करीब छह वर्षों से पतनेश्वर मंदिर के पास जनरल स्टोर की दुकान चला रही थीं। उनका बेटा मंटू पंडित भी वहीं चाय-पानी की दुकान संचालित करता है।

Image: video screen shot
मृतका के पुत्र मंटू पंडित के अनुसार, शुक्रवार शाम रामू मांझी दुकान पर कोल्ड ड्रिंक लेने आया था। उससे पहले से बकाया करीब 80 रुपये मांगे गए तो वह गाली-गलौज करने लगा और पैसे देने से इनकार कर दिया। आरोप है कि इसके बाद उसने दुकान में तोड़फोड़ की और मंटू के साथ मारपीट की।
मंटू का आरोप है कि उसे बचाने पहुंची उसकी मां मंजू देवी के सीने पर रामू मांझी ने मुक्का मार दिया, जिसके बाद उनकी तबीयत बिगड़ गई। पहले उन्हें एक निजी क्लीनिक में दिखाया गया, लेकिन रात में सीने में तेज दर्द होने पर सदर अस्पताल लाया गया, जहां उनकी मौत हो गई।
मारपीट का एक वीडियो भी सामने आया है, जिसे पुलिस जांच के दायरे में लेकर मामले की छानबीन कर रही है।
मलयपुर थानाध्यक्ष शेखर सुमन ने बताया कि परिजनों के आवेदन पर फर्द बयान दर्ज किया गया है और आरोपी की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के कारणों की स्थिति स्पष्ट होगी।




Leave a Reply
You must be logged in to post a comment.