बटिया जंगल में कार को टक्कर मारने के बाद बाइक पर चढ़ा हाइवा, जेसीबी से एक घंटे की मशक्कत के बाद निकाले गए शव
जमुई। चकाई-जमुई मुख्य मार्ग पर बटिया थाना क्षेत्र के बटिया जंगल स्थित चिरन पुल के पास सोमवार को दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। तेज रफ्तार हाइवा ने पहले एक कार में टक्कर मारी और इसके बाद बाइक को अपनी चपेट में लेते हुए उसे रौंद दिया। हादसे में बाइक सवार पिता और उसकी तीन वर्षीय मासूम बेटी की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि पत्नी गंभीर रूप से घायल हो गईं।
मृतकों की पहचान सोनो थाना क्षेत्र के डुमरी निवासी सुशील कुमार बरनवाल (38) और उनकी तीन वर्षीय बेटी प्रिया कुमारी के रूप में हुई है। वहीं, सुशील की पत्नी छाया कुमारी (35) हादसे में गंभीर रूप से घायल हुई हैं। उन्हें प्राथमिक उपचार के लिए रेफरल अस्पताल सोनो ले जाया गया, जहां से गंभीर स्थिति को देखते हुए जमुई सदर अस्पताल रेफर कर दिया गया। उनकी हालत गंभीर बनी हुई है।
ससुराल जा रहे थे पति-पत्नी और बेटी
जानकारी के अनुसार, सुशील कुमार बरनवाल अपनी पत्नी छाया कुमारी और तीन वर्षीय बेटी प्रिया के साथ बाइक से झारखंड के गिरिडीह थाना क्षेत्र के तीसरी इलाके स्थित अपने ससुराल जा रहे थे। इसी दौरान चिरन पुल के पास पीछे से तेज रफ्तार में आ रहे हाइवा ने पहले आगे चल रही कार को जोरदार टक्कर मार दी।
कार को टक्कर मारने के बाद हाइवा अनियंत्रित हो गया और पीछे चल रही बाइक को भी अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर इतनी भीषण थी कि सुशील और उनकी मासूम बेटी हाइवा के पहिए के नीचे दब गए। दोनों की घटनास्थल पर ही मौत हो गई, जबकि छाया कुमारी गंभीर रूप से घायल हो गईं।
घायल छाया की स्थिति गंभीर होने के कारण वह फिलहाल घटना के संबंध में कुछ बता पाने की स्थिति में नहीं हैं।

कार चालक ने बताया- पीछे से आया बेकाबू हाइवा
देवघर से जमुई के खैरमा जा रहे कार चालक मो. अरमान खान ने बताया कि वे ढलान वाले रास्ते पर कार को धीरे-धीरे आगे बढ़ा रहे थे। उनके पीछे एक बाइक भी चल रही थी। इसी दौरान पीछे से तेज रफ्तार हाइवा आया और पहले कार में टक्कर मार दी। इसके बाद हाइवा ने बाइक को अपनी चपेट में ले लिया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार हाइवा की रफ्तार काफी तेज थी। हादसे के बाद पिता और बेटी हाइवा के नीचे दब गए।
जेसीबी से एक घंटे बाद निकाले गए शव
हादसे की सूचना मिलते ही बटिया थाना पुलिस मौके पर पहुंची। हाइवा के नीचे दोनों शवों के दबे होने के कारण उन्हें निकालने के लिए जेसीबी की मदद लेनी पड़ी। पुलिस और स्थानीय लोगों ने करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद दोनों शवों को बाहर निकाला।
पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जमुई सदर अस्पताल भेज दिया है।
घटना की सूचना मिलने के बाद सुशील के पिता भी सोनो अस्पताल पहुंचे। उन्हें उस समय बेटे और पोती की मौत की जानकारी नहीं थी। वह अपनी घायल बहू के बेहतर इलाज के लिए जमुई सदर अस्पताल पहुंचे हैं।
हादसे के बाद सड़क पर लगा जाम
हादसे के बाद चकाई-जमुई मुख्य मार्ग पर काफी देर तक जाम की स्थिति बनी रही। सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई। पुलिस ने हाइवा को कब्जे में लेकर दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है।




Leave a Reply
You must be logged in to post a comment.