जमुई। उम्र चाहे कितनी भी क्यों न हो, अगर हौसले बुलंद हों तो सफलता की कोई सीमा नहीं होती। जमुई की रहने वाली 21 वर्षीय लक्ष्मी भार्गव ने अपनी मेहनत और प्रतिभा के दम पर ऐसा ही कर दिखाया है। गुजरात के अहमदाबाद में आयोजित मिस राइना हिस्पानोअमेरिकाना इंडिया 2026 प्रतियोगिता में लक्ष्मी ने विजेता का खिताब अपने नाम किया है। अब वह अगले वर्ष बोलीविया में आयोजित होने वाली अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता में भारत का प्रतिनिधित्व करेंगी।
लक्ष्मी भार्गव मूल रूप से जमुई जिला मुख्यालय के हरनाहा की रहने वाली हैं। वह उमाकांत सिंह और विभा देवी की पुत्री हैं। वर्तमान में लक्ष्मी दिल्ली में रहकर अमेजॉन कंपनी में काम कर रही हैं और नौकरी के साथ-साथ मॉडलिंग के अपने सफर को भी जारी रखे हुए हैं।
नौकरी के साथ मॉडलिंग की तैयारी, फिर हासिल की सफलता
लक्ष्मी ने बताया कि नौकरी के साथ मॉडलिंग की तैयारी करना आसान नहीं था। काम के बीच समय निकालकर उन्होंने प्रतियोगिता की तैयारी की और लगातार मेहनत करती रहीं। अहमदाबाद में आयोजित प्रतियोगिता में देश के विभिन्न राज्यों से कई प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया था। कड़ी प्रतिस्पर्धा के बीच लक्ष्मी ने फाइनल राउंड में पहला स्थान हासिल कर मिस राइना हिस्पानोअमेरिकाना इंडिया 2026 का खिताब अपने नाम किया।

आर्थिक और सामाजिक चुनौतियों के बावजूद नहीं मानी हार
लक्ष्मी का मॉडलिंग सफर चुनौतियों से भरा रहा है। मॉडलिंग को करियर के रूप में चुनने के बाद उन्हें सामाजिक स्तर पर कई तरह की रुकावटों का सामना करना पड़ा। मध्यमवर्गीय परिवार से होने के कारण आर्थिक परेशानियां भी सामने आईं। हालांकि, लक्ष्मी ने इन चुनौतियों के आगे हार नहीं मानी और लगातार अपने लक्ष्य की ओर बढ़ती रहीं।

पहले भी कई खिताब अपने नाम कर चुकी हैं लक्ष्मी
लक्ष्मी भार्गव इससे पहले भी कई सौंदर्य एवं मॉडलिंग प्रतियोगिताओं में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर चुकी हैं।
- दिसंबर 2021: पटना में राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में बेस्ट स्माइल अवार्ड
- फरवरी 2022: बेतिया में बेस्ट पर्सनैलिटी अवार्ड
- 2022: मिस टीन इंडिया सुपरमॉडल का खिताब
- 2025: मिस फेस ऑफ इंडिया का खिताब
- 2025: मिस साउथ एशिया यूनिवर्स में सेकंड रनर-अप
अब मिस राइना हिस्पानोअमेरिकाना इंडिया 2026 का खिताब जीतने के बाद लक्ष्मी की नजर अंतरराष्ट्रीय मंच पर है। अगले वर्ष बोलीविया में वह भारत का प्रतिनिधित्व करेंगी। उनकी इस उपलब्धि से जमुई के साथ-साथ उनके परिवार और जिले के लोगों में खुशी का माहौल है।
प्रहलाद सिंह की रिपोर्ट



