जमुई। सिमुलतल्ला थाना क्षेत्र के दुर्गम पहाड़ी और घने जंगल में एसएसबी सोलहवीं वाहिनी और स्थानीय पुलिस की संयुक्त टीम ने रातभर सघन तलाशी अभियान चलाकर हथियारों का ठिकाना खोज निकाला। हल्दिया झरना क्षेत्र में बड़े-बड़े पत्थरों के बीच सुरंगनुमा स्थान से एक देसी राइफल और दो देसी कट्टे बरामद किए गए।
जानकारी के अनुसार, 10 सितंबर को एसएसबी की आसूचना शाखा को सूचना मिली थी कि हल्दिया झरना के आसपास के जंगल में पूर्व में नक्सलियों द्वारा हथियार, गोला-बारूद अथवा अन्य आपत्तिजनक सामग्री छिपाकर रखी गई हो सकती है।

सूचना के बाद एसएसबी सोलहवीं वाहिनी के कार्यवाहक कमांडेंट सह द्वितीय कमान अधिकारी बांके बिहारी के निर्देश पर इलाके में सर्च ऑपरेशन शुरू किया गया। 11 सितंबर की मध्य रात्रि के बाद क्षेत्र प्रभुत्व और डी-माइनिंग अभियान चलाया गया। अभियान में सिमुलतल्ला की ‘बी’ समवाय के 34 एसएसबी जवान, स्थानीय पुलिस बल, दो प्रशिक्षित खोजी श्वान जूली और फेंटा तथा डीएसएमडी टीम शामिल रही।
संयुक्त टीम ने करीब 6 से 7 घंटे तक पहाड़ी और जंगल वाले इलाके में सघन तलाशी ली। खोजी श्वानों और तकनीकी उपकरणों की सहायता से संदिग्ध स्थानों को खंगाला गया। इसी दौरान करीब 11 बजे हल्दिया झरना से लगभग 200 मीटर पश्चिम बड़े पत्थरों के बीच बने एक सुरंगनुमा स्थान पर सुरक्षा बलों को संदिग्ध सामग्री मिली।
जांच करने पर वहां से एक देसी राइफल और दो देसी कट्टे बरामद हुए। सुरक्षा बलों ने तीनों हथियारों को विधिवत जब्त कर लिया। आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए बरामद हथियारों को सिमुलतल्ला थाना पुलिस को सौंपा जा रहा है।
दुर्गम जंगल में हथियारों की बरामदगी को एसएसबी सोलहवीं वाहिनी के अभियान की महत्वपूर्ण सफलता माना जा रहा है। अधिकारियों के अनुसार, इलाके में आसूचना आधारित सर्च ऑपरेशन और गश्ती आगे भी जारी रहेगी।




Leave a Reply
You must be logged in to post a comment.