जमुई। पंचायती राज विभाग, बिहार सरकार के मंत्री ने अपने दो दिवसीय जमुई जिला भ्रमण के दौरान जिले में पंचायती राज विभाग की विभिन्न योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की। भ्रमण के पहले दिन 11 सितंबर को खैरा पंचायत सरकार भवन का निरीक्षण किया गया, जबकि शाम में जिला स्तरीय समीक्षा बैठक की अध्यक्षता की गई। दूसरे दिन 12 सितंबर को झाझा प्रखंड के धमना पंचायत में नवनिर्मित पंचायत सरकार भवन एवं भव्य स्वागत द्वार का विधिवत उद्घाटन किया गया।
11 सितंबर को आयोजित समीक्षा बैठक में उप विकास आयुक्त, जिला पंचायत राज पदाधिकारी, भवन प्रमंडल एवं स्थानीय क्षेत्र अभियंत्रण संगठन के कार्यपालक अभियंता, सभी प्रखंड विकास पदाधिकारी, अंचल अधिकारी तथा प्रखंड पंचायत राज पदाधिकारी मौजूद रहे।

69 पंचायत सरकार भवन पूर्ण, 69 निर्माणाधीन
जिले की सभी 152 ग्राम पंचायतों में पंचायत सरकार भवन निर्माण की स्वीकृति दी जा चुकी है। इनमें 69 भवनों का निर्माण पूरा हो चुका है, जबकि 69 भवन निर्माणाधीन हैं। शेष 14 मामले CWJC एवं अन्य कारणों से लंबित हैं। मंत्री ने निर्माणाधीन भवनों का लगातार निरीक्षण और नियमित अनुश्रवण करने का निर्देश अधिकारियों को दिया।
मुख्यमंत्री कन्या विवाह मंडप के लिए भूमि चिन्हित करने का निर्देश
जिले की 10 ग्राम पंचायतों में मुख्यमंत्री कन्या विवाह मंडप भवन निर्माण के लिए विभागीय स्वीकृति दी गई है। वहीं, 41 ग्राम पंचायतों में भूमि चिन्हित कर स्वीकृति के लिए विभाग को भेजी गई है। शेष पंचायतों में भी जल्द भूमि चिन्हित करने का निर्देश दिया गया।
20,960 सोलर स्ट्रीट लाइट का लक्ष्य, 20,436 लगीं
मुख्यमंत्री ग्रामीण सोलर स्ट्रीट लाइट योजना के तहत जमुई जिले में 20,960 सोलर स्ट्रीट लाइट लगाने का लक्ष्य निर्धारित है। इसके विरुद्ध 20,436 लाइटों का अधिष्ठापन किया जा चुका है। मंत्री ने शेष कार्य जल्द पूरा कराने के साथ ही लगाई गई लाइटों की वास्तविक स्थिति जांचने के लिए शाम 6:30 बजे के बाद नियमित निरीक्षण कराने का निर्देश दिया। यदि किसी एजेंसी द्वारा निर्धारित समय पर काम पूरा नहीं किया जाता है तो उसके विरुद्ध नियमानुसार दंडात्मक कार्रवाई और राशि की वसूली करने का भी निर्देश दिया गया।

15वीं एवं छठी राज्य वित्त आयोग की योजनाओं में तेजी के निर्देश
बैठक में 15वीं वित्त आयोग एवं षष्ठम् राज्य वित्त आयोग के तहत प्राप्त राशि के व्यय में अपेक्षित प्रगति लाने का निर्देश दिया गया। साथ ही पूर्ण योजनाओं को संबंधित पोर्टल पर अपडेट करने को कहा गया।
सहयोग पोर्टल पर 398 आवेदन, 375 का निस्तारण
पंचायती राज विभाग से संबंधित सहयोग पोर्टल पर जिले में कुल 398 आवेदन प्राप्त हुए, जिनमें से 375 आवेदनों का निस्तारण किया जा चुका है। शेष लंबित आवेदनों का भी निर्धारित समय-सीमा में निस्तारण करने का निर्देश दिया गया।
मोक्षधाम निर्माण में भी तेजी लाने का निर्देश
जिले की 152 ग्राम पंचायतों में मोक्षधाम के लिए 266 स्थलों का सर्वेक्षण किया गया है। इनमें 41 मोक्षधाम का निर्माण पूरा हो चुका है, जबकि 34 स्थानों पर निर्माण कार्य शुरू हो गया है। समीक्षा बैठक में मोक्षधाम निर्माण की प्रगति तेज करने के निर्देश दिए गए।
वहीं, 1 अप्रैल 2026 से अगस्त 2026 तक जिले में कुल 852 अंत्येष्टि दर्ज की गईं और सभी 852 मामलों में मृत्यु प्रमाण-पत्र निर्गत किए गए। अधिकारियों को मृत्यु प्रमाण-पत्र समय पर जारी करने का निर्देश दिया गया।
मंत्री ने समीक्षा के दौरान सभी संबंधित अधिकारियों को योजनाओं की नियमित निगरानी, निर्माण कार्यों में तेजी और निर्धारित समय-सीमा के भीतर कार्य पूरा कराने पर विशेष जोर दिया।




Leave a Reply
You must be logged in to post a comment.