Jamui – प्राथमिक विद्यालय केवाल के पास एक साल से जमा सड़ा पानी अब ग्रामीणों के लिए मुसीबत बन गया है। जलजमाव से उठती दुर्गंध और पनप रहे मच्छरों से बीमारी का खतरा बना हुआ है। समस्या से निजात की उम्मीद लेकर ग्रामीण जब अधिकारियों के दरवाजे पहुंचे तो अंचल अधिकारी पर आवेदन लेने से इनकार करने और उसे फेंकने का आरोप लगाया है।
कथित तौर पर फटकार मिलने के बाद ग्रामीण सीधे अनुमंडल पदाधिकारी से पूरे मामले की शिकायत की।नुमर पंचायत के ग्रामीणों सीता देवी, संजू देवी, निर्मला देवी, चंचला देवी, जितेंद्र कुमार, मनीष भारती, पप्पू कुमार, कमलेश आदि का कहना है कि स्कूल के पास पिछले एक साल से पानी जमा है। लंबे समय से ठहरे पानी के सड़ने से दुर्गंध फैल रही है और बड़े-बड़े मच्छर पनप रहे हैं। शाम होते ही स्थिति बदतर हो जाती है। ग्रामीणों ने आशंका जताई कि यदि समय रहते जलजमाव नहीं हटाया गया तो गंभीर बीमारी फैल सकती है।
ग्रामीणों के मुताबिक, समस्या के समाधान के लिए वे पहले प्रखंड पदाधिकारी के पास पहुंचे, लेकिन उनके नहीं मिलने पर अंचल अधिकारी मयंक अग्रवाल के पास आवेदन लेकर गए। ग्रामीणों का आरोप है कि सीओ ने आवेदन लेने से इनकार कर दिया और उन्हें वहां से जाने को कहा। आरोप है कि आवेदन भी फेंक दिया गया। इससे नाराज ग्रामीणों ने अनुमंडल पदाधिकारी से शिकायत की। वहीं थोड़े देर में प्रखंड विकास पदाधिकारी के पहुंचे तो ग्रामीणों ने उन्हें आवेदन सौंपकर पूरी स्थिति बताई।
एसडीओ ने कहा-आवेदन लेना जरूरी
इस संबंध में अनुमंडल पदाधिकारी सौरभ कुमार ने कहा कि किसी भी समस्या को लेकर ग्रामीण पदाधिकारी के पास पहुंचते हैं तो उनका आवेदन हर हाल में स्वीकार किया जाना चाहिए। आवेदन लेने के बाद मामले की जांच कर आवश्यक कार्रवाई की जानी चाहिए। यदि आवेदन नहीं लिया गया है तो यह उचित तरीका नहीं है। मामले की पड़ताल की जाएगी।




Leave a Reply
You must be logged in to post a comment.