जमुई: जमुई जिले के सिकंदरा-नवादा मुख्य मार्ग पर मंगलवार की अहले सुबह दर्दनाक सड़क हादसे में दो किशोरियों की मौके पर ही मौत हो गई। दोनों किशोरियां शारदीय नवरात्र के अवसर पर मां नेतुला मंदिर, कुमार में पूजा-अर्चना कर पैदल अपने घर लौट रही थीं। इसी दौरान धरसंडा मोड़ के समीप नवादा की ओर से सिकंदरा आ रहे एक तेज रफ्तार अनियंत्रित ट्रक ने दोनों को कुचल दिया। हादसे के बाद ट्रक चालक वाहन लेकर फरार हो गया। घटना से गुस्साए ग्रामीणों ने सिकंदरा-नवादा मुख्य मार्ग पर जाम लगा दिया।
मृत किशोरियों की पहचान सिकंदरा थाना क्षेत्र के पंचमहुआ गांव निवासी मनोज यादव की 13 वर्षीय पुत्री सुलेखा कुमारी और सकेंद्र यादव की 16 वर्षीय पुत्री अंशु कुमारी के रूप में हुई है। दोनों की मौत की खबर मिलते ही परिवारों में कोहराम मच गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है, जबकि गांव में शोक का माहौल है।

पूजा कर घर लौट रही थीं दोनों किशोरियां
जानकारी के अनुसार, शारदीय नवरात्र के दौरान मां नेतुला मंदिर में पूजा-अर्चना के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालु अहले सुबह पहुंच रहे हैं। मंगलवार को पंचमहुआ गांव की सुलेखा कुमारी और अंशु कुमारी भी मंदिर में पूजा करने गई थीं। पूजा संपन्न होने के बाद दोनों पैदल ही अपने घर लौट रही थीं। इसी दौरान धरसंडा मोड़ के पास तेज रफ्तार ट्रक ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया।
टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों किशोरियों की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। हादसे के समय सड़क पर अन्य श्रद्धालुओं की भी आवाजाही हो रही थी। अचानक हुई इस घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और आसपास के लोग घटनास्थल पर जुट गए।

हादसे के बाद सड़क जाम, ट्रक चालक फरार
दो किशोरियों की मौत से स्थानीय लोगों में गहरा दुख और आक्रोश है। हादसे के बाद आक्रोशित ग्रामीणों ने धरसंडा मोड़ के समीप सिकंदरा-नवादा मुख्य मार्ग को जाम कर दिया। इससे सड़क पर आवागमन प्रभावित हुआ।
घटना की सूचना मिलते ही सिकंदरा थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जानकारी जुटाई। पुलिस फरार ट्रक और उसके चालक की पहचान करने में जुटी है। मामले में आगे की कार्रवाई की जा रही है।
इस दर्दनाक हादसे ने एक बार फिर तेज रफ्तार वाहनों से सड़क पर पैदल चलने वाले लोगों की सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
जमुई टुडे न्यूज डेस्क




Leave a Reply
You must be logged in to post a comment.