जमुई: बिहार के जमुई जिले में बिजली के खंभों से तार और अन्य कीमती उपकरण चोरी करने वाले गिरोह का पुलिस ने पर्दाफाश किया है। सिकंदरा थाना क्षेत्र में हुई चोरी के मामले में पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इनके पास से चोरी के तार, एबी केबल और बिजली विभाग में इस्तेमाल होने वाले कई उपकरण बरामद किए गए हैं।
जमुई पुलिस की ओर से 26 अक्टूबर 2026 को जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, सिकंदरा थाना क्षेत्र के पोहे रोड में बिजली विभाग के पोल से तार एवं अन्य बिजली उपकरणों की चोरी को लेकर प्राथमिकी दर्ज की गई थी। इस मामले में सिकंदरा थाना कांड संख्या 263/26, दिनांक 25 सितंबर 2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 303(2) में केस दर्ज किया गया था।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई। जिला आसूचना इकाई की मदद से टीम ने कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपियों में राहुल कुमार, पिता नंदू पासवान, निवासी पुरानी चौक, सिकंदरा; मोहम्मद आलम, पिता मोहम्मद तस्लीम, निवासी सरसा, थाना लछुआड़; और मुकेश साह, पिता राजेश उर्फ राजो साह, निवासी हरनाहा, जिला जमुई शामिल हैं।
तार समेत 12 प्रकार के उपकरण बरामद
पुलिस ने आरोपियों के पास से चोरी किए गए तार के साथ डिस्क इंसुलेटर, पोस्ट इंसुलेटर, सस्पेंशन क्लैंप, डेड एंड क्लैंप, पीजी क्लैंप, ग्लेवर, आई-हुक क्लैंप, एलटी बस बार, आठ किलोग्राम कंडक्टर और करीब 20 फीट एबी केबल समेत 12 प्रकार के सामान बरामद किए हैं।

पुलिस टीम ने की कार्रवाई
इस छापेमारी में सिकंदरा थाने की अंचल निरीक्षक स्वयंप्रभा, थानाध्यक्ष विकास कुमार, अपर थानाध्यक्ष दीपक कुमार सहित पुलिस अवर निरीक्षक, अन्य पुलिसकर्मी और जिला आसूचना इकाई के कर्मी शामिल थे। कार्रवाई में सशस्त्र बल ने भी सहयोग किया।
पुलिस की इस कार्रवाई को बिजली विभाग के सामान की चोरी के मामले में महत्वपूर्ण सफलता माना जा रहा है। मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।




Leave a Reply
You must be logged in to post a comment.