जमुई/लखीसराय: नक्सलियों द्वारा पहले छिपाकर रखे गए हथियारों की तलाश में चलाए गए अभियान के दौरान एसएसबी की 16वीं वाहिनी, जमुई को बड़ी सफलता हाथ लगी है। सुरक्षा बलों ने लखीसराय जिले के पीरीबाजार थाना क्षेत्र अंतर्गत मनियारा के घने जंगल और दुर्गम पहाड़ी इलाके में बड़े-बड़े पत्थरों के बीच बने सुरंगनुमा स्थान से चार अवैध हथियार और 22 जिंदा कारतूस बरामद किए हैं। बरामद हथियारों में दो .303 राइफल और दो देसी कट्टे शामिल हैं।
इस अभियान में एसएसबी के जवानों के साथ स्थानीय पुलिस, प्रशिक्षित खोजी श्वान और विस्फोटक सामग्री की जांच करने वाले उपकरणों की मदद ली गई। बरामद हथियारों को आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए पीरीबाजार थाना को सौंपा जा रहा है।

गुप्त सूचना के बाद तेज हुई हथियारों की तलाश
एसएसबी की ओर से जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, 24 अक्टूबर को 16वीं वाहिनी, जमुई की आसूचना शाखा और कजरा के आसूचना कर्मियों को सूचना मिली थी कि लखीसराय जिले के सूर्यगढ़ा प्रखंड अंतर्गत पीरीबाजार थाना क्षेत्र के हदहदिया गांव के समीप मनियारा जंगल की पहाड़ियों में नक्सलियों ने पूर्व में हथियार और गोला-बारूद छिपाकर रखे थे। सूचना मिलने के बाद कार्यवाहक कमांडेंट बांके बिहारी के निर्देश पर संबंधित इलाके में तलाशी अभियान तेज कर दिया गया।
26 जवानों की टीम ने चलाया सर्च ऑपरेशन
27 अक्टूबर को कार्यवाहक कमांडेंट बांके बिहारी के नेतृत्व में एसएसबी की डी समवाय, कजरा के जवानों और पीरीबाजार थानाध्यक्ष चंद्रवीर सिंह की टीम ने संयुक्त रूप से सर्च ऑपरेशन चलाया।
अभियान में कुल 26 जवानों के साथ एक प्रशिक्षित खोजी श्वान और डीएसएमडी उपकरण शामिल थे। टीम रात में ही कैंप से रवाना हो गई और सुबह जंगल पहुंचकर सघन तलाशी अभियान में जुट गई।
मनियारा जंगल का यह इलाका कजरा स्थित एसएसबी समवाय से करीब 16 किलोमीटर दक्षिण-पूर्व और हदहदिया गांव से लगभग चार किलोमीटर दूर स्थित है। दुर्गम पहाड़ियों और घने जंगल के बीच करीब सात से आठ घंटे तक तलाशी अभियान चलाया गया।
बड़े पत्थरों के बीच सुरंगनुमा जगह से मिला हथियारों का जखीरा
तलाशी के दौरान सुबह करीब 11:30 बजे पहाड़ की चोटी पर पहुंचने से पहले बड़े पत्थरों के बीच सुरंगनुमा स्थान में काली पॉलीथिन में बंधी संदिग्ध सामग्री मिली। जांच के बाद वहां से हथियार और गोला-बारूद बरामद किए गए।
बरामद सामान की सूची:
- दो .303 राइफल
- दो देसी कट्टे
- इंसास एलएमजी की एक मैगजीन
- अलग-अलग बोर के कुल 22 जिंदा कारतूस
- एक स्लिंग
एसएसबी के अनुसार, नक्सली गतिविधियों पर प्रभावी अंकुश लगाने और क्षेत्र में शांति एवं सुरक्षा बनाए रखने के उद्देश्य से आसूचना आधारित अभियान और तलाशी कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।
इस कार्रवाई को जंगल और पहाड़ी क्षेत्रों में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण सफलता माना जा रहा है।




Leave a Reply
You must be logged in to post a comment.