जमुई , जिले के बटिया थाना क्षेत्र अंतर्गत बेलाटांड़ पुल के पास सोमवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में बाइक सवार युवक की मौके पर ही मौत हो गई। बताया जा रहा है कि तेज रफ्तार हाइवा की चपेट में आने से यह हादसा हुआ।
घटना की सूचना मिलते ही बटिया थाना प्रभारी सुजाता कुमारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचीं और मामले की जांच शुरू कर दी। वहीं एएसआई श्री पासवान और आरपी राम ने बताया कि ग्रामीणों की सूचना पर तत्काल घटनास्थल पर पहुंचकर आवश्यक कार्रवाई की गई।
मृतक की पहचान जमुई टाउन के अमरथ गांव निवासी रामजन्म सिंह के 25 वर्षीय पुत्र ऋषभ कुमार के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार, ऋषभ कुमार गिरिडीह स्थित अपने मामा के घर से बाइक से जमुई लौट रहे थे। इसी दौरान बेलाटांड़ पुल के पास तेज रफ्तार हाइवा ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया। हादसे के समय उनकी बाइक (नंबर BR-46-7908) पर कटहल लदा हुआ था।
घटना के बाद स्थानीय ग्रामीणों में काफी आक्रोश देखा गया। ग्रामीणों का कहना है कि बेलाटांड़ पुल के पास अक्सर सड़क दुर्घटनाएं होती रहती हैं। लोगों ने प्रशासन से यहां स्पीड ब्रेकर लगाने की मांग की है, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं पर रोक लगाई जा सके।
दहियारी पंचायत के पूर्व सरपंच इंद्रदेव यादव समेत कई ग्रामीणों—बलराम यादव, चंद्रिका यादव, दशहर सिंह, शंकर दास और नुनेशर यादव—ने भी सड़क सुरक्षा के ठोस उपाय जल्द लागू करने की मांग की है।
सोनो से योगेंद्र प्रसाद उर्फ कुंदन की रिपोर्ट



