जमुई, बिहार सरकार की महत्वाकांक्षी योजना ‘सबका सम्मान, जीवन आसान’ के तहत मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने सोमवार को राज्यव्यापी सहयोग हेल्पलाइन 1100 और सहयोग पोर्टल sahyog.bihar.gov.in का लोकार्पण किया। इस अवसर पर जमुई के जिला पदाधिकारी नवीन और पुलिस अधीक्षक सहित जिले के सभी संबंधित पदाधिकारी ऑनलाइन माध्यम से कार्यक्रम में शामिल हुए।
मुख्यमंत्री ने अपने संबोधन में कहा कि आम नागरिकों की समस्याओं का पारदर्शी और समयबद्ध समाधान सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। इसी उद्देश्य से अब पंचायत स्तर पर प्रत्येक माह के पहले और तीसरे मंगलवार को सहयोग शिविर आयोजित किए जाएंगे। इन शिविरों में प्राप्त आवेदनों के निष्पादन के लिए अधिकतम 30 दिनों की समय-सीमा निर्धारित की गई है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि हेल्पलाइन 1100 और सहयोग पोर्टल के जरिए लोगों को शिकायत दर्ज कराने और उसके समाधान की निगरानी करने में आसानी होगी। उन्होंने भरोसा जताया कि यह पहल बिहार के नागरिकों के लिए प्रशासनिक सेवाओं को और अधिक सुलभ बनाएगी।
कार्यक्रम के बाद जिला पदाधिकारी श्री नवीन ने अधिकारियों को संबोधित करते हुए कहा कि 19 मई से जमुई जिले की सूचीबद्ध पंचायतों में सहयोग शिविरों का प्रथम चरण शुरू होगा। उन्होंने सभी नोडल पदाधिकारियों को निर्देश दिया कि निर्धारित तिथि से पहले तकनीकी और प्रशासनिक तैयारियां पूरी कर ली जाएं, ताकि पोर्टल के माध्यम से रियल टाइम मॉनिटरिंग सुचारु रूप से संचालित हो सके।
जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया कि योजना के सफल क्रियान्वयन के लिए सभी विभागों को सक्रिय, संवेदनशील और प्रो-एक्टिव होकर कार्य करना होगा।




Leave a Reply
You must be logged in to post a comment.