प्रतापपुर गांव में पुलिस की छापेमारी, एसपी बोले- अवैध बालू कारोबार और संगठित अपराध के खिलाफ अभियान रहेगा जारी
जमुई, नगर थाना क्षेत्र के प्रतापपुर गांव में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए कथित बालू माफिया मंटू यादव को गिरफ्तार किया है। छापेमारी के दौरान उसके घर से एक देसी रायफल, एक देसी पिस्तौल और 11 जिंदा गोलियां बरामद की गईं। पुलिस ने हथियार और कारतूस जब्त कर आरोपी के खिलाफ आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।
सोमवार शाम आयोजित प्रेस वार्ता में पुलिस अधीक्षक विश्वजीत दयाल ने बताया कि मंटू यादव का आपराधिक इतिहास रहा है। उसके खिलाफ पुलिस पर हमला, हत्या के प्रयास समेत कई गंभीर मामले पहले से दर्ज हैं। पुलिस मुख्यालय से मिली गुप्त सूचना के आधार पर नगर थाना पुलिस ने योजनाबद्ध तरीके से प्रतापपुर गांव में छापेमारी कर उसे गिरफ्तार किया।
गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने उसके घर की तलाशी ली, जहां से एक देसी रायफल, एक देसी पिस्तौल और 11 जिंदा गोलियां बरामद हुईं। बरामद हथियारों को जब्त कर जांच शुरू कर दी गई है।

एसपी ने कहा कि जिले में अवैध बालू कारोबार और उससे जुड़े अपराधियों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। कानून व्यवस्था को चुनौती देने वाले किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने बताया कि गिरफ्तार आरोपी से पूछताछ की जा रही है और उसके नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की भी पहचान कर कार्रवाई की जाएगी।
इस अभियान में नगर थानाध्यक्ष अमरेंद्र कुमार समेत पुलिस टीम के अन्य अधिकारियों और जवानों की अहम भूमिका रही। पुलिस ने स्पष्ट किया कि अवैध खनन और संगठित अपराध के खिलाफ आगे भी इसी तरह सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।




Leave a Reply
You must be logged in to post a comment.