जमुई। गिद्धौर थाना क्षेत्र के मौरा इलाके में शुक्रवार की रात घर पर चढ़कर आए तीन बदमाशों ने फायरिंग कर एक महिला को गोली मार दी। गोली लगने से महिला गंभीर रूप से घायल हो गई। घायल महिला को इलाज के बाद बेहतर उपचार के लिए पटना रेफर किया गया है।
घायल महिला की पहचान मौरा निवासी लुखड़ यादव की पत्नी रूपा देवी (50) के रूप में हुई है। परिजनों के अनुसार, तीनों बदमाश पैदल घर पहुंचे थे और रूपा देवी के भतीजे सिंटू कुमार को निशाना बनाने के इरादे से आए थे। इसी दौरान सिंटू के घर के दरवाजे पर रूपा देवी खड़ी थीं। बदमाशों द्वारा चलाई गई गोली उनके पेट में लग गई।

परिजनों ने बताया कि बदमाशों ने तीन राउंड फायरिंग की और घटना को अंजाम देने के बाद मकई के खेत के रास्ते फरार हो गए। घायल रूपा देवी को तत्काल दिग्विजय सिंह सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र गिद्धौर ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें जमुई सदर अस्पताल रेफर कर दिया गया। सदर अस्पताल में इलाज के बाद चिकित्सकों ने बेहतर उपचार के लिए पटना भेज दिया।
सूचना मिलने पर गिद्धौर थानाध्यक्ष राशि मलिक पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचीं और जांच शुरू की। पुलिस ने घटनास्थल से एक खोखा और दो जिंदा कारतूस बरामद किए हैं।
थानाध्यक्ष राशि मलिक ने बताया कि प्रारंभिक जांच में सिंटू कुमार को निशाना बनाए जाने की बात सामने आई है, लेकिन गोली उसकी चाची रूपा देवी को लग गई। पुलिस सिंटू से पूछताछ कर मामले के पीछे के कारणों की जांच कर रही है। बदमाशों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए छानबीन जारी है।
कुमार नेहरू की रिपोर्ट




Leave a Reply
You must be logged in to post a comment.