जमुई थाना क्षेत्र में पुलिस ने अवैध हथियारों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए चार लोगों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों के पास से कुल चार अवैध देशी हथियार और 23 कारतूस बरामद किए हैं। कार्रवाई जमुई थाना पुलिस, डीआईयू और एसटीएफ की संयुक्त टीम ने की।
डीएसपी अभिषेक कुमार ने बताया कि 18 अगस्त को पुलिस को विश्वसनीय सूत्रों एवं एसटीएफ से सूचना मिली थी कि ग्राम अंबा के राजा बाबू उर्फ राजा कुमार, पिता सदानंद रावत, अवैध हथियार और गोलियों की खेप मंगाकर किसी बड़ी घटना को अंजाम देने की तैयारी में है। सूचना के आधार पर जमुई थाना, डीआईयू और एसटीएफ की टीम ने छापेमारी कर राजा कुमार को गिरफ्तार किया।

पुलिस के अनुसार पूछताछ में राजा कुमार ने हथियार और कारतूस के संबंध में जानकारी दी। इसके बाद पुलिस ने विक्रमपुर सिमरिया निवासी सुमन कुमार, पिता पप्पू पासवान को पकड़ा। पूछताछ में सुमन ने बताया कि हथियार और कारतूस वंदन कुमार, पिता कृष्ण साव तथा एक नाबालिक के पास रखने की बात सामने आई।
इसके बाद पुलिस टीम ने दोनों के ठिकानों पर बारी-बारी से छापेमारी की। वंदन कुमार के घर से एक देशी मस्केट और 15 कारतूस, जबकि नाबालिक के घर से तीन देशी कट्टा और आठ कारतूस बरामद किए गए।पुलिस ने कुल 04 अवैध हथियार और 23 कारतूस बरामद करते हुए चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार राजा बाबू उर्फ राजा कुमार का पूर्व से आपराधिक इतिहास रहा है। उसके खिलाफ जमुई थाना में हत्या के प्रयास, हत्या, आर्म्स एक्ट सहित कई मामले दर्ज हैं। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और हथियारों की खेप कहां से लाई गई थी तथा इसका इस्तेमाल किस वारदात में किया जाना था, इसकी भी पड़ताल की जा रही है। पुलिस की इस कार्रवाई में जमुई थाना, डीआईयू और एसटीएफ की टीम शामिल रही।
कुमार नेहरू की रिपोर्ट




Leave a Reply
You must be logged in to post a comment.