सोनो (जमुई)। बिहार में शराबबंदी के बावजूद शराब तस्करी के प्रयास लगातार सामने आ रहे हैं। इसी कड़ी में जमुई जिले के सोनो थाना क्षेत्र स्थित सोनो-डुमरी चेक पोस्ट पर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए सब्जियों से लदे एक पिकअप वाहन से 933.120 लीटर विदेशी शराब बरामद की है। इस कार्रवाई में एक चालक को गिरफ्तार किया गया, जबकि उसका साथी अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गया।
जानकारी के अनुसार, सोनो-डुमरी चेक पोस्ट पर तैनात एसआई जितेंद्र कुमार अपनी टीम के साथ झारखंड की ओर से आने वाले वाहनों की सघन जांच कर रहे थे। इसी दौरान एक संदिग्ध पिकअप वाहन को रोककर तलाशी ली गई। जांच के दौरान सब्जियों के बीच छिपाकर रखी गई भारी मात्रा में विदेशी शराब बरामद हुई।

पुलिस कार्रवाई के दौरान वाहन में सवार दो चालकों में से एक फरार हो गया, जबकि दूसरे चालक को मौके से गिरफ्तार कर लिया गया। गिरफ्तार चालक की पहचान चांद मॉल, निवासी आसनसोल, थाना हीरापुर, जिला पश्चिम बर्दवान (पश्चिम बंगाल) के रूप में हुई है।
पूछताछ में गिरफ्तार चालक ने पुलिस को बताया कि शराब की खेप आसनसोल से मोतिहारी ले जाई जा रही थी। पुलिस ने शराब से लदे पिकअप वाहन को जब्त कर लिया है। बरामद शराब और गिरफ्तार चालक को आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए जमुई मद्यनिषेध थाना के हवाले कर दिया गया है। वहीं, फरार चालक की गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है।
सोनो से योगेंद्र प्रसाद उर्फ कुंदन की रिपोर्ट




Leave a Reply
You must be logged in to post a comment.